राज्य
16-Feb-2026
...


प्रतिवाद दिवस: वकीलों ने प्रदर्शन नारेबाजी कर ज्ञापन सौंपा जबलपुर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद के आव्हान पर सोमवार को प्रदेश भर में वकीलों ने प्रतिवाद दिवस मनाया. इस दौरान वकील न्यायालयीन कार्यों से विरत रहे. अदालतों में मायलार्ड की गूंज सुनाई नहीं दी. क्योंकि अधिवक्ता परिषद ने चीफ जस्टिस को पत्र लिखकर आग्रह किया था. लिहाजा सोमवार को अदालतों में लगे प्रकरणों की तारीख आगे बढ़ा दी गई. दरअसल मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में अधिवक्ता संजय सक्सेना की गोली मार कर की गई हत्या के विरोध में राज्य अधिवक्ता परिषद के आव्हान पर प्रदेश भर के वकीलों ने सोमवार को प्रतिवाद दिवस मनाया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने रैली निकालकर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा. इसी तरह तहसील मुख्यालयों में आंदोलित वकीलों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपे. 1 करोड़ की सहायता की मांग...... ज्ञापन में मांग की गई है की हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष धन्य कुमार जैन ने दिवंगत अधिवक्ता संजय सक्सेना के परिवार के लिए 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, आश्रितों को सरकारी नौकरी और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग भी की। सीएम हाउस घेराव की चेतावनी....... राज्य अधिवक्ता परिषद के अध्यक्ष राधेलाल गुप्ता, उपाध्यक्ष आरके सिंह सैनी ने कहा है की एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को लागू कराने के लिये अब निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी. बार काउंसिल ने सरकार को 7 दिन का अल्टीमेटम दिया है. इसके बाद भी यदि सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाए तो प्रदेश के सवा लाख वकील भोपाल जाकर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे. ज्ञापन में मांग की गई है कि एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट शीघ्र लागू किया जाए, अधिवक्ताओं के साथ शासकीय कार्यालयों और पुलिस विभाग में सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने आचार संहिता बनाई जाए. मृत्यू दावा राशी एक लाख से बढ़ाकर ढाई लाख की जाए. साथ ही नये अधिवक्ताओं को दी जाने वाली सहायता राशी 12 से बढ़ाकर 25 हजार की जाए. मेडीक्लेम राशी में यथोचित वृध्दि की जाए. अधिवक्ताओं के आवागमन हेतू टोल टैक्स मुक्त व्यवस्था अथवा विशेष परमिट जारी किये जाएं. प्रदर्शन में यह रहे शामिल......... जिला मुख्यालय में किये गये प्रदर्शन के दौरान राज्य अधिवक्ता परिषद के अध्यक्ष राधेलाल गुप्ता, उपाध्यक्ष आरके सिंह सैनी, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ध्न्य कुमार जैन, सचिव परितोष त्रिवेदी, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष मनीष मिश्रा, सचिव ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी और एडवोकेट बार एसोसिएशन के निखिल तिवारी, राज्य अधिवक्ता परिषद के कार्यकारी सचिव निलेश जैन आदि उपस्थित रहे. सुनील साहू / शहबाज/ 16 फरवरी 2026/ 06.00