सभी थानों में साइबर हेल्प डेस्क शुरु जबलपुर (ईएमएस)। शहर में बढ़ते साइबर अपराध, लोगों में जागरूकता की कमी और गोल्डन आवर में पुलिस के त्वरित रिस्पॉन्स की जरूरत को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने जिले के सभी थानों में साइबर हेल्प डेस्क संचालित करने के आदेश जारी किए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में सभी थाना अधिकारियों और कर्मचारियों को साइबर हेल्प डेस्क संचालन से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक उपाध्याय ने स्वयं रांझी थाना पहुंचकर साइबर हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, प्रत्येक थाने में प्रशिक्षित कर्मचारी साइबर हेल्प डेस्क का संचालन करेंगे। यहां साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया से जुड़े अपराध और मोबाइल गुम होने जैसी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। थानों में संचालित हेल्प डेस्क के माध्यम से एनसीआर पोर्टल और सीईआईआर पोर्टल का उपयोग कर साइबर अपराध के पीड़ितों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे समय रहते कार्रवाई कर नुकसान को कम किया जा सके। पुलिस अधीक्षक का कहना है कि इस पहल से साइबर अपराधों पर नियंत्रण के साथ-साथ लोगों को त्वरित राहत देने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक ने रांझी थाने का औचक निरीक्षण करते हुये, थानों में सांधारित रिकार्ड का परीक्षण किया. उन्होंने निर्देशित किया कि सायबर क्राईम से संबंधित शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाए सुनील साहू / शहबाज/ 16 फरवरी 2026/ 06.00