:: राज्य निर्वाचन आयोग का 32वां स्थापना दिवस; वन नेशन-वन इलेक्शन और निर्वाचन सुधारों पर मंथन :: भोपाल/इन्दौर (ईएमएस)। भारत निर्वाचन आयोग के पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त ओ.पी. रावत ने कहा है कि निर्वाचन की प्रक्रिया में बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) से लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) तक, प्रत्येक व्यक्ति इलेक्शन कमीशन का हिस्सा है और सभी की भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण है। रावत सोमवार को भोपाल में मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के 32वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने वन नेशन-वन इलेक्शन में स्थानीय निर्वाचन की भूमिका विषय पर मुख्य वक्तव्य देते हुए विश्वास जताया कि इसका ड्राफ्ट भविष्य में अवश्य स्वीकृत होगा। रावत ने स्पष्ट किया कि वन नेशन-वन इलेक्शन लागू होने की स्थिति में भी राज्य निर्वाचन आयोगों की प्रासंगिकता बनी रहेगी। पंचायतों और नगरीय निकायों के चुनाव इन्हीं के माध्यम से संचालित होने चाहिए। उन्होंने इस दौरान मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट (आदर्श आचरण संहिता) की बारीकियों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। पूर्व राज्य निर्वाचन आयुक्त आर. परशुराम ने स्थानीय निर्वाचन में सुधार की चुनौती पर विचार रखते हुए कहा कि हर वोट-हर निकाय का अपना महत्व है। उन्होंने चुनाव प्रबंधन के लिए प्रिपेयर, प्रिपेयर और प्रिपेयर का मंत्र देते हुए नई तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया। वहीं, राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव ने एक बड़ी उपलब्धि साझा करते हुए बताया कि देश के अन्य आयोगों की बैठक में मध्यप्रदेश को राज्य निर्वाचन आयोगों का वर्ल्ड बैंक कहा गया है। उन्होंने इलेक्टोरल टेक्नोलॉजी में मध्यप्रदेश को अग्रणी बनाने के लिए पूर्व अधिकारियों और मैदानी अमले की कर्मठता की सराहना की। दैनिक भास्कर स्कूल ऑफ जर्नलिज्म के विभागाध्यक्ष नरेन्द्र कुमार सिंह ने 1952 से अब तक के चुनावी सफर के अनुभवों को साझा करते हुए भारतीय लोकतंत्र की जड़ों को विश्व में सबसे मजबूत बताया। वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ सेठ ने निर्वाचन से जुड़ी कानूनी प्रक्रियाओं और संवैधानिक प्रावधानों की जानकारी दी। इस अवसर पर अतिथियों ने निर्वाचन साहित्य ई-बुक का विमोचन और प्रेक्षा मोबाइल ऐप का आधिकारिक शुभारंभ किया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कलेक्टर्स, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। सचिव दीपक सिंह ने आभार व्यक्त किया। प्रकाश/16 फरवरी 2026