दिल्ली पुलिस की 10 योजनाएं शुरु कर बोले शाह नई दिल्ली,(ईएमएस)। नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लाल किले के पास हुए आतंकी हमले और देश में नक्सलवाद के मुद्दे पर महत्वपूर्ण बयान दिया है। केंद्रीय मंत्री शाह ने कहा कि चाहे संसद पर हमला रहा हो या कुछ दिनों पहले लाल किले के पास हुआ आतंकी हमला, हर चुनौती के सामने दिल्ली पुलिस ने अत्यंत कौशल और तत्परता का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हुई है। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि कानून व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं होगा। केंद्रीय मंत्री शाह ने बताया कि देश से नक्सलवाद का खात्मा अब बहुत करीब पहुंच चुका है। केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने दिल्ली पुलिस की सराहना कर कहा कि राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए कई नई पहल हो रही हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस की 10 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया है। इसके तहत दिल्ली को 10 हजार नए सीसीटीवी कैमरों से जोड़ने की योजना पर काम शुरू हो चुका है। पहले चरण में 2100 कैमरे लाइव हो चुके हैं, जबकि पहले से लगे 15 हजार से अधिक कैमरों को भी इस नेटवर्क से जोड़ने का काम पूरा किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि ‘सेफ सिटी’ योजना आने वाले समय में दिल्ली की सुरक्षा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी और अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। शाह ने नक्सलवाद के मुद्दे पर बड़ा दावा कर कहा कि केंद्र माओवादी हिंसा से देश को पूरी तरह मुक्त कराने के लक्ष्य के बहुत करीब पहुंच चुकी है। मोदी सरकार की सख्त नीति, सुरक्षा बलों की रणनीतिक कार्रवाई और विकास कार्यों के कारण नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हिंसा में लगातार कमी आई है। उन्होंने भरोसा जताया कि 31 मार्च 2026 तक भारत को माओवादी हिंसा से मुक्त होगा। केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने दो टूक कहा कि आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ केंद्र सरकार की नीति ‘जीरो टॉलरेंस’ की है। उन्होंने कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए आधुनिक तकनीक, खुफिया तंत्र और सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आशीष दुबे / 16 फरवरी 2026