राज्य
16-Feb-2026
...


:: बड़वानी के नागलवाड़ी में ‘हर ग्राम-एक काम’ अभियान का शुभारंभ; सिकल सेल शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा :: इंदौर/बड़वानी (ईएमएस)। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि दीन-दुखियों और पीड़ित मानवता की सेवा का संकल्प अत्यंत पुण्यदायी और अनुकरणीय है। उन्होंने खरगोन-बड़वानी सांसद गजेंद्र सिंह पटेल द्वारा माता-पिता के संस्कारों से प्रेरित होकर सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। राज्यपाल सोमवार को बड़वानी के भिलट देव धाम (नागलवाड़ी) में सुशीला देवी उमराव सिंह पटेल सेवा संस्थान द्वारा आयोजित सिकल सेल एनीमिया और टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित स्वास्थ्य शिविर को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम से पूर्व उन्होंने भिलट देव मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। राज्यपाल ने इस अवसर पर सांसद अभियान के तहत हर ग्राम–एक काम का औपचारिक शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पंचायत में केंद्र व राज्य शासन की योजनाओं के माध्यम से विकास कार्यों को धरातल पर उतारना एक सार्थक पहल है। इस अभियान के तहत सांसद प्रत्येक पंचायत में नागरिकों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप स्वरोजगार और स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहित करेंगे। राज्यपाल ने संस्थान द्वारा टीबी रोगियों को पोषण आहार वितरण और सिकल सेल की निःशुल्क जांच को गरीब और वंचित वर्ग के लिए बड़ी मदद बताया। समारोह के दौरान राज्यपाल ने सिकल सेल मरीजों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र और निक्षय मित्र योजना के तहत टीबी मरीजों को पोषण आहार किट प्रदान की। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा हृदय रोग, कैंसर, स्त्री रोग और नेत्र रोग सहित विभिन्न गंभीर बीमारियों का निःशुल्क परामर्श और जांचें की गईं। आधुनिक मशीनों के माध्यम से मैमोग्राफी, कोल्पोस्कोपी और ईसीजी जैसी सुविधाएं ग्रामीणों को निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, अनुसूचित जनजाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य, सांसद अनिता नागरसिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंतसिंह पटेल, पूर्व मंत्री प्रेमसिंह पटेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे। प्रकाश/16 फरवरी 2026