:: अभ्युदय इंडस्ट्री लीडरशिप कॉन्क्लेव में बोले मुख्यमंत्री- 31 मार्च की डेडलाइन से पहले नक्सलवाद से मुक्त हुआ मध्य प्रदेश :: भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित अभ्युदय इंडस्ट्री लीडरशिप कॉन्क्लेव 2026 में प्रदेश के विकास का 25 वर्षीय विजन साझा किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत@2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में मध्य प्रदेश की भूमिका निर्णायक होगी। राज्य सरकार ने प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनाने का संकल्प लिया है। इसी क्रम में अगले 25 वर्षों में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय को वर्तमान 1.55 लाख रुपये से बढ़ाकर 22.50 लाख रुपये करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि क्षेत्र में अग्रणी होने के साथ-साथ अब एमएसएमई प्रदेश के औद्योगिक विकास की बैक बोन बन रहा है। राज्य में 18 नई औद्योगिक नीतियां लागू की गई हैं, जिससे निवेश बड़े शहरों के साथ छोटे कस्बों तक भी पहुँच रहा है। कटनी और शहडोल में माइनिंग, जबकि नर्मदापुरम के बाबई-मोहासा में इलेक्ट्रिकल इक्विपमेंट्स हब विकसित हो रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में बेरोजगारी दर घटकर मात्र 1 से 1.5 प्रतिशत रह गई है, जो युवाओं के कौशल उन्नयन और स्वरोजगार की सफलता को दर्शाता है। एक बड़ी उपलब्धि साझा करते हुए डॉ. यादव ने बताया कि मध्य प्रदेश 31 मार्च की डेडलाइन से पहले ही नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त होने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय हॉक फोर्स और पुलिस के जवानों को दिया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अब दोबारा ऐसी गतिविधियाँ न पनपें, इसके लिए प्रभावित क्षेत्रों में समेकित विकास योजनाएं संचालित की जा रही हैं। कृषक कल्याण वर्ष का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का सिंचाई रकबा 100 लाख हेक्टेयर तक पहुँचाने का लक्ष्य है। पिछले डेढ़ साल में ही 7.5 लाख हेक्टेयर की वृद्धि हुई है। पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए दूध उत्पादन का लक्ष्य 9% से बढ़ाकर 20% किया गया है। उन्होंने कहा कि 18 फरवरी को पेश होने वाला आगामी बजट प्रदेश के समग्र विकास और 5 साल में बजट को दोगुना करने के लक्ष्य की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। प्रकाश/16 फरवरी 2026