भोपाल (ईएमएस)। कांग्रेस की विचारधारा को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुँचाने के लिए मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, भोपाल में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रवक्ताओं के चयन हेतु एक महत्वाकांक्षी एवं पारदर्शी टैलेंट हंट प्रोग्राम की औपचारिक घोषणा की। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार, मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक तथा टैलेंट हंट कोऑर्डिनेशन कमेटी के सम्मानित सदस्य — उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, पूर्व मंत्री एवं विधायक जयवर्धन सिंह, विधायक महेश परमार,प्रशिक्षण प्रभारी महेंद्र जोशी,महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बोरासी सेतिया एवं विचार विभाग प्रमुख भूपेंद गुप्ता उपस्थित रहे। पटवारी ने कहा कि बदलते राजनीतिक परिदृश्य में पार्टी को ऐसे ऊर्जावान, वैचारिक रूप से प्रतिबद्ध और शोधपरक सोच रखने वाले साथियों की आवश्यकता है, जो कांग्रेस की विचारधारा को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुँचा सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक सफल प्रतिनिधि में निम्न गुण आवश्यक होंगे: कांग्रेस की विचारधारा के प्रति प्रतिबद्धता एवं स्पष्ट वैचारिक समझ, समसामयिक मुद्दों पर गहन अध्ययन एवं शोध क्षमता प्रभावशाली संवाद कौशल एवं वाक्पटुता, मीडिया प्रबंधन की समझ तथ्यात्मक एवं प्रमाणिक प्रस्तुति की क्षमता, संगठनात्मक अनुशासन एवं जनसरोकारों के प्रति संवेदनशीलता इन दायित्वों के लिए उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित हैं: प्रवक्ता, शोध कोऑर्डिनेटर, प्रचार-प्रसार कोऑर्डिनेटर यह टैलेंट हंट कार्यक्रम जिला, संभाग, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर तक प्रतिभाशाली युवाओं को पार्टी का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्रदान करेगा। आज से आवेदन फॉर्म जारी किए जा रहे हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 28 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। प्राप्त आवेदनों के आधार पर संभाग स्तर पर इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। इन इंटरव्यू में एआईसीसी द्वारा नामित कोऑर्डिनेटर, टैलेंट हंट कमेटी के सदस्य, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं संबंधित जिला अध्यक्ष संयुक्त रूप से प्रतिभागियों का मूल्यांकन करेंगे। अंतिम निर्णय भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (एआईसीसी) द्वारा लिया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष पटवारी ने आश्वस्त किया कि यह पूरी प्रक्रिया पूर्णत: पारदर्शी एवं योग्यता आधारित होगी। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने कहा कि यह पहल प्रदेश की राजनीति में वैचारिक मजबूती और तथ्याधारित विपक्ष की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसे युवाओं को मंच दे रही है जो पढ़ें, शोध करें और तथ्यों के साथ जनता की आवाज़ बनें। यह कार्यक्रम लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करेगा और सरकार के दावों की तथ्य प्रदान समीक्षा सुनिश्चित करेगा। मीडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक ने बताया कि इस टैलेंट हंट प्रक्रिया के माध्यम से सीमित एवं गुणवत्ता-आधारित चयन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि: केवल 20 प्रदेश प्रवक्ताओं का चयन किया जाएगा और कुछ मीडिया पैनलिस्ट, संभाग एवं जिला स्तर पर दो-दो अधिकृत प्रवक्ता, राष्ट्रीय स्तर पर दो पैनलिस्ट, तथा एक विशेष अंग्रेज़ी मीडिया पैनलिस्ट का चयन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उद्देश्य संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि सक्षम और शोधपरक प्रतिनिधि तैयार करना है जो प्रदेश और राष्ट्रीय मंच पर कांग्रेस की विचारधारा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर सकें। अंत में पटवारी ने कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि विचारों का आंदोलन है। यह टैलेंट हंट कार्यक्रम उसी परिवर्तन की शुरुआत है — जहां अवसर सिफारिश से नहीं, योग्यता से मिलेगा।