राज्य
16-Feb-2026


देहरादून (ईएमएस)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल एवं प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक व विधायक प्रीतम सिंह ने आज महिला अपराध, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, ध्वस्त कानून व्यवस्था, महंगाई व जंगली जानवरों के हमलों के खिलाफ आयोजित ऐतिहासिक लोकभवन घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया है। इस अवसर पर गणेश गोदियाल एवं प्रीतम सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता जिस उत्साह से हजारों की संख्या में भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों का विरोध करने के लिए देहरादून के परेड ग्राउंड में एकजुट हुए उससे आने वाले समय में पार्टी संगठन को निश्चित रूप से मजबूती मिलेगी तथा हम और अधिक ताकत से भाजपा सरकारों की जन विरोधी नीतियों तथा अलोकतांत्रिक हिटलरशाही का जवाब देने के लिए तत्पर रहेंगे। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के कोने-कोने से हजारों की सुख्या में पहुंचकर ऐतिहासिक राजभवन घेराव कर भाजपा की धामी सरकार के ताबूत में अंतिम कील ठोकी है। गणेश गोदियाल ने लोकभवन घेराव कार्यक्रम में प्रदेश के कोने-कोने से हजारों की संख्या में आये कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार की जड़ों को हिलाने का काम कर दिया है और आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में निश्चित रूप से इसका लाभ कांग्रेस पार्टी को मिलेगा और जनता भाजपा सरकार की तानाशाही, जनविरोधी नीतियों और कुशासन से निजात पायेगी। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/16 फरवरी 2026