:: सम्भागायुक्त डॉ. खाड़े ने ली प्रबंधन समिति की बैठक; गर्भगृह में एसी और परिसर में मिस्ट फैन लगाने के निर्देश :: इन्दौर/ओंकारेश्वर (ईएमएस)। ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने ममलेश्वर मंदिर (अमलेश्वर) के कायाकल्प की योजना तैयार की है। इंदौर सम्भागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने शनिवार शाम ओंकारेश्वर में मंदिर प्रबंधन समिति की उच्च स्तरीय बैठक ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि तीर्थयात्रियों को धूप, बारिश और भीड़ के दबाव से बचाने के लिए मंदिर परिसर में आधुनिक बुनियादी ढांचे का विकास किया जाएगा। बैठक में कलेक्टर खण्डवा ऋषव गुप्ता, एसडीएम पुनासा पंकज वर्मा और समिति के सदस्य उपस्थित थे। सम्भागायुक्त ने मंदिर परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए पुराने लोहे के बेरिकेड्स हटाकर उनके स्थान पर स्टेनलेस स्टील की जिग-जैग बेरीकेडिंग लगाने के निर्देश दिए। :: गर्मी और वर्षा से बचाव के विशेष इंतजाम :: बढ़ती गर्मी को देखते हुए सम्भागायुक्त ने मंदिर परिसर में मिस्ट फैन (पानी की हल्की बौछार वाले पंखे) और गर्भगृह में एयर कंडीशनर (एसी) लगवाने के निर्देश दिए हैं। श्रद्धालुओं को कतार में खड़े रहने के दौरान धूप और बारिश से बचाने के लिए फाइबर कैनोपी और एक स्थायी शेड का निर्माण किया जाएगा। निर्बाध दर्शन सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने इलेक्ट्रिक वायरिंग में सुधार और पावर बैकअप के लिए भारी क्षमता वाले जनरेटर की व्यवस्था करने को कहा है। :: साफ-सफाई और जन-सुविधाएं :: डॉ. खाड़े ने मंदिर के समीप स्थित नार्मदीय धर्मशाला के बंद पड़े शौचालयों को तत्काल प्रभाव से दुरुस्त कर शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यहाँ पानी, बिजली और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। मंदिर परिसर में भक्तों की सूचना के लिए उद्घोषणा केंद्र, बड़ी एलईडी स्क्रीन और प्रसाद के लिए लड्डू काउंटर भी जल्द ही शुरू किए जाएंगे। :: मूर्तियों का संरक्षण :: परिसर में स्थित वृहदकालेश्वर मंदिर की प्राचीन मूर्तियों की सुरक्षा के लिए सम्भागायुक्त ने उन्हें एक व्यवस्थित स्थान पर स्थानांतरित कर वहां टीन शेड निर्माण के निर्देश दिए हैं। प्रकाश/16 फरवरी 2026