खेल
17-Feb-2026
...


मुम्बई (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने कहा है कि खराब फार्म से गुजर रहे आक्रामक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा शीघ्र ही वापसी करेंगे पर इसके लिए उन्हें धैर्य रखते हुए क्रीज पर समय बिताना होगा। शास्त्री ने कहा कि इस प्रकार का दौर आता है पर इसमें अपने पर भरोसा बनाये रखने की जरुरत है। अभिषेक अभी तक इस सत्र में असफल रहे हैं। विश्कप में अब तक उन्होंने दो मैच खेले हैं जिसमें वह शून्य पर ही आउट हुए हैं। यहां तक पाकिस्तान के खिलाफ अहम मुकाबले में भी वह खाता नहीं खोल पाये। वह चार गेंद पर एक भी रन नहीं बना पाये। विश्वकप के पहले मैच में वह अमेरिका के खिलाफ भी खाता नहीं खोल पाये थे। विश्वकप से पहले वह न्यूजीलैंड टी20 सीरीज में दो बार खाता नहीं खोल पाये थे। इस प्रकार देखा जाये तो वह इस आल अब तक रन नहीं बना पाये हैं। अभिषेक ने अंतिम बार गुवाहाटी में न्यूजीलैंड के खिलाफ नाबाद 68 रन बनाये थे। उसके बाद से ही उनका बल्ला नहीं चल रहा। इसी को लेकर शास्त्री ने भरोस जताया कि अभिषेक शीघ्र ही रन बनाने लगेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें बस धैर्य रखने और क्रीज पर थोड़ा और समय देने की जरूरत है। शास्त्री ने आगे कहा कि खराब दौर आना सामान्य बात है, और एक बार अभिषेक लय में आ जाएं तो डॉट गेंदों को चौकों और छक्कों में बदलना उनके लिए काफी आसान रहेगा। कई बार ऐसा होता है कि आप लय से भटक जाते हैं पर समय बीतने के साथ ही वापसी भी हो जाती है। वहीं शास्त्री ने पाक के खिलाफ शानदार पारी के लिए ईशान किशन की जमकर प्रशंसा की। शास्त्री ने कहा कि ईशान किशन शानदार फॉर्म में हैं, उन्होंने उनके बेहतरीन स्ट्राइक रेट की प्रशंसा की। गिरजा/ईएमएस 17 फरवरी 2026