राष्ट्रीय
17-Feb-2026
...


रोहतक,(ईएमएस)। हरियाणा के रोहतक में सरेराह हुई अंधाधुंध फायरिंग की वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को हिलाकर रख दिया है। आईजी कार्यालय से महज कुछ ही दूरी पर स्थित दिल्ली बाईपास के पास अज्ञात हमलावरों ने दिनेश उर्फ गोगा नामक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। हमलावरों की दुस्साहस का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मृतक के शरीर पर करीब 22 गोलियां दागी गईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। व्यस्त सड़क पर अचानक हुई इस फायरिंग से राहगीरों में भगदड़ मच गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस की भारी नफरी मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी की। जांच के दौरान घटनास्थल से पुलिस को गोलियों के करीब 28 से 30 खाली खोल बरामद हुए हैं, जो हमले की भयावहता को दर्शाते हैं। मृतक दिनेश का भी आपराधिक रिकॉर्ड बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर एक तेज रफ्तार वाहन में आए थे और वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए। इस हत्याकांड के कुछ ही देर बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसने पुलिस और प्रशासन की नींद उड़ा दी है। वायरल पोस्ट में जय भोले की लिखते हुए इस हत्या की जिम्मेदारी ली गई है। दावा किया गया है कि दिनेश गोगा की हत्या अमेरिका में बैठे कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और मोस्ट वांटेड नीरज फरीदपुरिया के इशारे पर की गई है। पोस्ट में बेहद आक्रामक लहजे में लिखा गया है कि अभी 2-4 कीड़े-मकोड़े और बाकी हैं, जिनका समय आ गया है। इसके साथ ही पोस्ट में कुछ पुलिसकर्मियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा गया कि वे ईमानदार खाकी का सम्मान करते हैं, लेकिन कुछ भ्रष्ट अधिकारियों के कारण उन्हें ऐसे कदम उठाने पड़ रहे हैं। फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता की जांच के साथ हमलावरों की तलाश में जुटी है। वीरेंद्र/ईएमएस/17फरवरी2026