राष्ट्रीय
17-Feb-2026
...


मंत्री का संदेश— पहाड़ी इलाकों में हर परिस्थिति के लिए रहें तैयार तवांग,(ईएमएस)। अरुणाचल प्रदेश के तवांग जिले में भारी बर्फबारी के बीच केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वे स्थानीय लोगों और कर्मचारियों के साथ मिलकर बर्फ में फंसी एक गाड़ी को धक्का देते नजर आ रहे हैं। मंत्री ने यह वीडियो अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर साझा किया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है, कि तवांग क्षेत्र में बर्फबारी इतनी तेज है कि सड़क पर वाहन मुश्किल से आगे बढ़ पा रहे हैं। इसी दौरान एक वाहन बर्फ में फंस गया, जिसके बाद रिजिजू खुद गाड़ी से उतरकर लोगों के साथ उसे धक्का लगाने लगे। कुछ प्रयासों के बाद वाहन को आगे बढ़ाने में सफलता मिली। इस वीडियो को साझा करते हुए रिजिजू ने पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि तवांग जैसे दुर्गम इलाकों में मौसम अचानक बदल सकता है, इसलिए हर परिस्थिति के लिए तैयार रहना जरूरी है। उन्होंने यात्रियों से आवश्यक सामान और सुरक्षा उपायों के साथ ही सफर करने की सलाह दी। केंद्रीय मंत्री ने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की भी सराहना की, जो लगातार बर्फ हटाने और सड़कों को चालू रखने में जुटा है। उन्होंने कहा कि विपरीत मौसम परिस्थितियों में बीआरओ की चौकसी और तत्परता सराहनीय है। तवांग क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार हिमपात हो रहा है, जिससे कई प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बन गई है। बर्फ की मोटी परत के कारण छोटे और बड़े वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। बीआरओ की टीमें मशीनों और कर्मियों के साथ सड़क साफ करने में लगी हैं ताकि आवश्यक सेवाएं और यातायात सुचारु रूप से चल सके। सोशल मीडिया पर सामने आए इस वीडियो को लोग व्यापक रूप से साझा कर रहे हैं। कई यूजर्स ने इसे “जमीनी स्तर पर सक्रिय नेता” की मिसाल बताते हुए मंत्री की सराहना की है। हिदायत/ईएमएस 17फरवरी26