* अहमदाबाद, वडोदरा, गांधीनगर, कोर्ट को धमकीभरे ईमेल; पुलिस-डॉग स्क्वॉड की त्वरित कार्रवाई, सर्च ऑपरेशन जारी अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात में पिछले कुछ दिनों से बम धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते दिन अहमदाबाद और वडोदरा की 25 से अधिक स्कूलों को निशाना बनाए जाने के बाद अब असामाजिक तत्वों ने न्यायपालिका को निशाने पर लिया है। वडोदरा, गांधीनगर, वलसाड और अहमदाबाद ग्रामीण कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिलने से पूरे राज्य में हड़कंप मच गया है। वडोदरा कोर्ट को धमकी मिलने के तुरंत बाद न्यायाधीशों, वकीलों और पक्षकारों में अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, डॉग स्क्वॉड और बम डिस्पोजल स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एहतियातन कोर्ट के सभी एंट्री और एग्जिट गेट बंद कर दिए गए और परिसर में खड़े वाहनों की गहन जांच की गई। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं। अधिकारियों के अनुसार, सभी सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और स्थिति नियंत्रण में है। सिर्फ वडोदरा ही नहीं, बल्कि राज्य के अन्य शहरों में भी इसी तरह के धमकीभरे ईमेल प्राप्त हुए हैं। गांधीनगर जिला कोर्ट में भी बम की धमकी के बाद पुलिस बल तैनात कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। वलसाड कोर्ट परिसर को खाली कराकर बम स्क्वॉड द्वारा जांच की गई। वहीं अहमदाबाद की ग्रामीण अदालत को दोबारा निशाना बनाए जाने की धमकी मिलने से सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। एक ओर स्कूलों को निशाना बनाकर बच्चों में भय का माहौल बनाने की कोशिश की गई, तो दूसरी ओर अब अदालतों जैसे संवेदनशील संस्थानों को निशाना बनाए जाने से वकीलों और आम लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस सभी ईमेल के आईपी एड्रेस ट्रेस करने में जुटी है, ताकि इस दहशत फैलाने वाले मुख्य साजिशकर्ता तक पहुंचा जा सके। सतीश/17 फरवरी