राष्ट्रीय
17-Feb-2026


* गुजरात एटीएस और भारतीय कोस्ट गार्ड की संयुक्त कार्रवाई अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात में एक बार फिर ड्रग्स तस्करी की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया है। पोरबंदर के समुद्री क्षेत्र में गुजरात एटीएस और भारतीय कोस्ट गार्ड की संयुक्त कार्रवाई में 200 किलो से अधिक संदिग्ध केमिकल जब्त किया गया है। इस ऑपरेशन के दौरान दो ईरानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। एटीए को गुप्त सूचना मिली थी कि ईरान के कोनारक बंदरगाह से ‘हाजी फीदा’ नामक ड्रग्स तस्कर करीब 200 किलो संदिग्ध केमिकल की खेप लेकर भारतीय समुद्री सीमा की ओर रवाना हुआ है। सूचना के अनुसार 15 से 16 फरवरी 2026 के बीच यह खेप पोरबंदर से करीब 140 नॉटिकल माइल दूर अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) के पास किसी भारतीय बोट को सौंपी जानी थी, जिसके बाद इसे पंजाब भेजने की योजना थी। सूचना के आधार पर गुजरात एटीएस के पुलिस अधीक्षक के.के. पटेल के नेतृत्व में टीम गठित की गई। एटीएस के अधिकारियों और भारतीय कोस्ट गार्ड ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया। 16 फरवरी 2026 की रात करीब 8 बजे भारतीय समुद्री सीमा में एक संदिग्ध ईरानी स्पीड बोट को रोका गया। तलाशी के दौरान बोट से 203 पैकेट बरामद किए गए, जिनका कुल वजन लगभग 203 किलोग्राम बताया गया है। कार्रवाई के दौरान दो ईरानी नागरिक अब्दुल मजीद और अब्दुल सत्तार को गिरफ्तार किया गया। दोनों चाबहार, कोनारक (ईरान) के निवासी बताए जा रहे हैं। इनके कब्जे से संदिग्ध केमिकल की खेप और स्पीड बोट जब्त की गई। बरामद सामग्री, बोट और आरोपियों को पोरबंदर कोस्ट गार्ड स्टेशन लाया गया है, जहां एफएसएल टीम द्वारा केमिकल की जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। गुजरात एटीएस का मानना है कि इस नेटवर्क से जुड़े और बड़े खुलासे हो सकते हैं। जांच एजेंसियां पूरे तस्करी मॉड्यूल की तह तक पहुंचने में जुटी हैं। सतीश/16 फरवरी