राष्ट्रीय
17-Feb-2026


-अपने करीबी 27 विधायकों को कराने ले जा रहे ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की सैर बेंगलुरु,(ईएमएस)। कर्नाटक में कांग्रेस की आंतरिक कलह बढ़ती जा रही है। डीके शिवकुमार खेमा यह कहता रहा है कि ढाई साल के बाद उनके नेता सीएम होंगे। सिद्धारमैया खेमा इस बात से इनकार करता रहा है और खींचतान जारी है। इस बीच खबर है कि डीके शिवकुमार कांग्रेस विधायकों की बैठक बुलाने वाले थे ताकि शक्ति प्रदर्शन कर सकें। उनके समर्थकों का कहना था कि 136 विधायक डीके शिवकुमार के साथ हैं। इस बीच सीएम सिद्धारमैया ने अलग ही दांव चल दिया है, जिसकी चर्चा हो रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबकि अपने करीबी 27 विधायकों को सिद्धारमैया विदेश दौरे पर ले जा रहे हैं। इन विधायकों को ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के दौरे पर वह साथ ले जाएंगे। उनके गुट का कहना है कि यह रूटीन विजिट है, जो अकसर तमाम योजनाओं की जानकारियां हासिल करने के लिए होती हैं, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि आखिर इसी समय ऐसी विजिट का फैसला क्यों किया गया। इसका जवाब भी कांग्रेस के ही लोग दे रहे हैं और उनका कहना है कि डीके शिवकुमार की बैठक में कम विधायक पहुंचे, इसलिए ऐसा कदम उठाया गया है। कर्नाटक विधानसभा का बजट सत्र 6 मार्च से शुरू होने वाला है। ऐसे में पार्टी के सिद्धारमैया खेमे को लगता है कि डीके शिवकुमार को तब तक रोक लिया जाए और फिर बजट सत्र आ जाएगा। इस बीच कांग्रेस विधायक रविकुमार गौड़ा ने दावा किया है कि शिवकुमार के साथ सभी 136 विधायक हैं। उन्होंने कहा कि डीके को कोई भी सीएम बनने से नहीं रोक सकता। रविकुमार ने कहा कि इस स्थिति में किसी तरह का बदलाव होने की संभावना नहीं है, हमारे नेता मजबूत हैं और सीएम बनने के काबिल हैं। उन्होंने शिवकुमार की वफादारी याद दिलाई और कहा कि वह 40 सालों से राजनीति में हैं। उनके पास समर्थन है तो रणनीति के भी वह मास्टर हैं। शिवकुमार के करीबी विधायक ने कहा कि राजनीति एक गेम है और उसमें जल्दी ही नतीजा आएगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बीजेपी के साथ जाने वाले कयास लगा रहे हैं। ऐसी चीजें गलत हैं और छवि खराब करने के लिए ऐसा हो रहा है। शिवकुमार के करीबी विधायक ने कहा कि आखिर हमें बीजेपी में जाने की जरूरत क्या है। यही रहेंगे और डीके कांग्रेस पार्टी से ही राज्य के सीएम बनेंगे। सिराज/ईएमएस 17फरवरी26