- केस दर्ज, दाऊद के न्यूयॉर्क ऑफिस से कॉल करना बताया इन्दौर (ईएमएस) दाऊद इब्राहिम के नाम से धमकी देने के एक सनसनीखेज और हैरतअंगेज मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। हैरतअंगेज इसलिए की यह धमकी सड़कों पर घूमने वाले आवारा कुत्तों (स्ट्रीट डॉग) का रेस्क्यू करने पर दी गई है वहीं सनसनीखेज इसलिए कि धमकी देने वाले ने खुद को दाऊद के न्यूयॉर्क ऑफिस से कॉल करना बताया है। मामला बाणगंगा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार अरबिंदो हॉस्पिटल परिसर व आसपास के इलाके में घूम रहे स्ट्रीट डॉग को रेस्क्यू करने वाले अरबिंदो हॉस्पिटल के महाप्रबंधक और सहायक प्रबंधक को मोबाइल पर धमकी मिली है। धमकी दाऊद इब्राहिम के नाम से दी गई है। धमकी देने वाले ने खुद को दाऊद के न्यूयॉर्क ऑफिस से कॉल करना बताया है। प्रबंधकों ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई है। थाना प्रभारी सियाराम सिंह गुर्जर के अनुसार धमकी हॉस्पिटल के महाप्रबंधक राजीव सिंह और सहायक प्रबंधक नीरज सेन को मिली है। नीरज ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराते बताया कि रविवार रात 10.12 बजे उन्हें +1812 सीरीज के मोबाइल नंबर से कॉल आया था। पुलिस ने प्राथमिक जांच में पाया कि ये कोई लोकल व्यक्ति है, जिसने धमकाने का प्रयास किया है। हालांकि पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए गहन जांच कार्रवाई कर रही है। आनंद पुरोहित/ 17 फरवरी 2026