क्षेत्रीय
17-Feb-2026
...


- 27 को फाल्गुनी एकादशी पर डेढ़ लाख श्रद्धालु आएंगे, बैठक में लिया निर्णय ब्यावरा, ईएमएस l नगर के प्रसिद्ध श्री खाटू श्याम मंदिर में 27 फरवरी को फाल्गुनी एकादशी के अवसर पर भव्य फाग उत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान भजन संध्या और छप्पन भोग का आयोजन भी होगा। मंदिर प्रबंधन समिति और श्याम परिवार द्वारा सोमवार रात्रि को हुई बैठक में इसकी रूपरेखा तैयार की। उत्सव के लिए मंदिर परिसर को आकर्षक फूलवारी और रंग-बिरंगी सजावट से सजाया जाएगा। बाबा खाटू श्याम जी का विशेष श्रृंगार किया जाएगा, जिसके लिए उज्जैन से 51 किलो ताजे फूल और इंदौर से आर्टिफिशियल फुलवारी मंगवाई जाएगी। फाल्गुनी एकादशी के दिन रंग भरी एकादशी का आयोजन होगा, जिसमें भक्त बाबा को रंग-गुलाल अर्पित करेंगे और आपस में भी गुलाल लगाकर खुशियां मनाएंगे। मंदिर समिति के अनुसार, इस अवसर पर लगभग डेढ़ लाख श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए पहुंचने की संभावना है। - भजन संध्या का भी होगा आयोजन आयोजन के तहत शाम को भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भजन गायक सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देंगे। यह कार्यक्रम देर रात 12 बजे तक चलेगा। इसके बाद रात्रि में बाबा को छप्पन भोग अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी। मंदिर परिसर में हुई बैठक में मंदिर समिति, श्याम परिवार और खाटू श्याम जी के अनेक भक्त उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर फाग उत्सव को भव्य और यादगार बनाने के लिए अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। -निखिल /ब्यावरा/17/2/2026