17-Feb-2026
...


- बीनागंज चौकी प्रभारी के खिलाफ लामबंद हुआ हिंदू समाज ज्ञापन सौंपकर दी उग्र आंदोलन की चेतावनी गुना (ईएमएस) जिले के बीनागंज कस्बे में महाशिवरात्रि पर्व पर निकाली गई बाबा महाकाल की पालकी यात्रा के दौरान पुलिस चौकी प्रभारी द्वारा कथित रूप से अभद्रता करने और श्रद्धालुओं को धमकाने का मामला गरमा गया है। सोमवार को बड़ी संख्या में सनातनी धर्मावलंबियों और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने चाचौड़ा एसडीएम और एसडीओपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बीनागंज चौकी प्रभारी अजय प्रताप सिंह यादव के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए दो दिन का अल्टीमेटम दिया है। पुजारी और श्रद्धालुओं के साथ बदसलूकी का आरोप एसडीएम को सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि 15 फरवरी को बीनागंज नगर में परंपरागत रूप से महाकाल पालकी यात्रा निकाली जा रही थी। यात्रा में बेटियां आत्मरक्षा का संदेश देते हुए प्रदर्शन कर रही थीं। आरोप है कि जैन मंदिर चौराहे के पास जब ऋणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी अजय पारीक ने भीड़ में चार पहिया वाहनों के प्रवेश से महिलाओं को हो रही असुविधा की बात कही, तो चौकी प्रभारी बिफर गए। श्रद्धालुओं का दावा है कि उन्होंने न केवल डमरू बजाने वाले भक्तों को धक्का दिया, बल्कि पुजारी के साथ भी बदतमीजी की। धार्मिक जुलूसों का ठेका नहीं ले रखा, चौकी प्रभारी के बोल ज्ञापन में उल्लेख है कि चौकी प्रभारी ने बेहद तल्ख लहजे में कहा कि यात्रा वापस ले जाओ, मैं व्यवस्था नहीं कर पाऊंगा, मैंने बीनागंज के धार्मिक जुलूसों का ठेका नहीं ले रखा है। श्रद्धालुओं का आरोप है कि पुलिस अधिकारी का यह व्यवहार सनातन धर्म की भावनाओं को आहत करने वाला है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि पूर्व में भी उक्त अधिकारी द्वारा धार्मिक आयोजनों में इस प्रकार का व्यवधान उत्पन्न किया जा चुका है। दो दिन का समय, फिर होगा आंदोलन हिंदू समाज ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 48 घंटे के भीतर चौकी प्रभारी के खिलाफ उचित वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई, तो समस्त हिंदू संगठन और धर्मप्रेमी जनता संवैधानिक रूप से उग्र आंदोलन के लिए विवश होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने वालों में नीरज शर्मा, मोहित मीणा, सतीश, निखिल, उमेश सहित बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल रहे। सीताराम नाटानी