17-Feb-2026
...


राजगढ़, ईएमएस l जिले के ग्राम जूनापानी में आयोजित आदिवासी भील समाज की महापंचायत में समाज सुधार, नशाबंदी और फिजूलखर्ची पर रोक लगाने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। महापंचायत में मध्यप्रदेश व राजस्थान से आए समाजबंधुओं और वक्ताओं ने एक स्वर में सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ कठोर कदम उठाने पर सहमति जताई। महापंचायत की जानकारी देते हुए राम भील ने बताया कि समाज में व्याप्त दहेज प्रथा, शादियों में नशा, अनावश्यक खर्च और डीजे जैसी प्रवृत्तियों पर पूर्ण रोक लगाने के लिए गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इन कुरीतियों के उल्लंघन पर भारी जुर्माने का प्रावधान भी तय किया गया है, ताकि नियमों का सख्ती से पालन हो सके। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़कों जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा को बढ़ावा देकर ही आदिवासी समाज को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। साथ ही युवाओं को नशामुक्त रहने, आदिवासी संस्कृति व परंपराओं के संरक्षण और सकारात्मक सामाजिक बदलाव के लिए प्रेरित किया गया। महापंचायत के माध्यम से रूढ़िवादी परंपराओं को त्यागकर आधुनिक और सशक्त आदिवासी समाज के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में नारायण सिंह बिंदल, राम भील मामा, गोपाल सिंह भिलाला, सुखराम भील, मर्दन सिंह पटेल, रामभरोसे भील, रमेश भील, रामसिंह भील, गजेंद्र चौहान, सुरेश भिलाला, मनीष भिलाला, अर्जुन भिलाला, रामप्रसाद भील, बापूलाल भील सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। -निखिल/राजगढ़/17/2/2026