राष्ट्रीय
17-Feb-2026
...


मुंबई क्राइम ब्रांच ने किया खुलासा, प्रवीण बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में जेल में बंद है मुंबई,(ईएमएस)। बॉलीवुड निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने सनसनीखेज खुलासा किया है। यह हमला लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े महाराष्ट्र प्रमुख शुभम लोनकर और उसके भाई प्रवीण लोनकर ने करवाया था। घटना 1 फरवरी 2026 की रात हुई, जब अज्ञात हमलावरों ने रोहित शेट्टी के घर के बाहर 4-5 राउंड फायरिंग की थी। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे शुभम लोनकर ने सोशल मीडिया पर हमले की जिम्मेदारी ली और निर्देशक को धमकी भी दी। पुलिस जांच में पता चला कि प्रवीण लोनकर, जो बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में जेल में बंद है। इसके बावजूद उसने जेल से ही इस साजिश को अंजाम दिया। उसने हथियार, बाइक और आर्थिक मदद मुहैया कराई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक क्राइम ब्रांच को शक है कि प्रवीण लोनकर ने जेल में रहते हुए ही इस पूरे अपराध की साजिश रची, जिसमें मुख्य शूटर को निर्देश दिए गए। हमले से पहले कई दिनों तक रेकी की गई, स्कूटी पुणे से 30 हजार रुपए में खरीदी गई और मुंबई लाई गई। मुख्य आरोपी शुभम लोनकर ने पैसे और हथियार सप्लाई किए, जबकि प्रवीण ने तीन हथियार उपलब्ध कराए। आरोपियों ने सिग्नल या टेलीग्राम जैसे एन्क्रिप्टेड ऐप्स से संवाद किया और बाद में डिलीट कर दिए। मुंबई क्राइम ब्रांच ने पुणे, हरियाणा, राजस्थान, यूपी से मुख्य शूटर समेत अब तक 11-12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य शूटर दीपक शर्मा को हरियाणा से पकड़ा, जिसके पास से 50 हजार रुपये मिले थे। अब सवाल यह है कि जेल में बंद रहते हुए प्रवीण ने यह सब कैसे मैनेज किया। वह किन लोगों के संपर्क में था और संदेशों के आदान-प्रदान के लिए किन माध्यमों का इस्तेमाल किया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए क्राइम ब्रांच की 12 टीमें काम कर रही हैं। प्रवीण लोनकर की कस्टडी मिलने पर साजिश के बाकी लिंक, जेल से संदेश कैसे पहुंचे और गैंग की अन्य योजनाओं का पर्दाफाश किया जाएगा। सिराज/ईएमएस 17फरवरी26 ----------------------------------