मुंबई,(ईएमएस)। सुपरस्टार और बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान के पिता हिंदी सिनेमा के दिग्गज लेखक सलीम खान की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिता की हालत की सूचना मिलते ही सलमान आनन-फानन अस्पताल पहुंचे। सलीम खान के अस्पताल में भर्ती होने की खबर फैलते ही फैंस सोशल मीडिया पर उनकी सेहत को लेकर चिंता जाहिर कर रहे हैं और जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। फिलहाल परिवार की ओर से साफ नहीं किया गया है कि उन्हें किस वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पिता की तबीयत बिगड़ने के बीच सलमान खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे कार से उतरकर तेजी से अस्पताल के अंदर जाते दिख रहे हैं। वीडियो में उनके चेहरे पर चिंता और मायूसी साफ नजर आती है। बता दें 90 साल के सलीम खान को हिंदी सिनेमा के इतिहास के सबसे प्रभावशाली लेखकों में गिना जाता है। 1970 के दशक में जावेद अख्तर के साथ उनकी जोड़ी सलीम-जावेद ने इंडस्ट्री को कई यादगार और ब्लॉकबस्टर फिल्में दीं। इस जोड़ी ने दीवार, जंजीर और डॉन जैसी फिल्मों के जरिए बॉलीवुड के ‘एंग्री यंग मैन’ दौर को नई पहचान दी और अमिताभ बच्चन को सुपरस्टार बनाया। अभी तक सलीम खान की सेहत को लेकर परिवार की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फैंस और इंडस्ट्री उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं। सिराज/ईएमएस 17फरवरी26