मुंबई,(ईएमएस)। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में स्वागत किया है। फ्रांसिसी राष्ट्रपति मैक्रों इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में शामिल होने के लिए भारत पहुंचे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि भारत फ्रांस के साथ संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का इंतजार कर रहा है। पीएम मोदी ने लिखा, भारत में आपका स्वागत है! भारत आपके आने और हमारे आपसी रिश्तों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का इंतजार कर रहा है। मुझे पूरा भरोसा है कि हमारी बातचीत से अलग-अलग क्षेत्र में सहयोग और मजबूत होगा और दुनिया भर में तरक्की में मदद मिलेगी। मुंबई में और फिर बाद में दिल्ली में मिलते हैं, मेरे प्यारे दोस्त। दूसरी ओर, फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों भी मुंबई पहुंच चुके हैं और 19 फरवरी को इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट में शामिल होने वाले है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। इस दौरान गुजरात के गवर्नर आचार्य देवव्रत भी वहां मौजूद रहे। विदेश मंत्रालय ने भी राष्ट्रपति मैक्रों का स्वागत करते हुए लिखा, एक मजबूत भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी की ओर! इस दौरे के दौरान, पीएम मोदी राष्ट्रपति मैक्रों के साथ द्विपक्षीय मीटिंग करने वाले है। दोनों लीडर भारत-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन 2026 को लांच करने वाले है। यह दौरा वाइब्रेंट इंडिया-फ्रांस स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप को और रफ्तार देगा। वहीं मैक्रों 19 फरवरी को नई दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट में शामिल होने वाले है। मंगलवार को मुंबई में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों के बीच मुलाकात होगी। इस दौरान दोनों नेता भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी के तहत अब तक हुई प्रगति की समीक्षा होगी। आशीष दुबे / 17 फरवरी 2025