17-Feb-2026
...


- पशु चिकित्सक के अनुसार पॉलीथिन खाने से हुई गायों की मौत राजगढ़, ईएमएस l मंगलवार की सुबह नगर में 6 गोवंश की मौत के बाद माहौल गरमा गया। गुस्साए गौसेवकों ने शवों को राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर रखकर करीब 20 मिनट तक जाम लगाकर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन ने जांच व कार्रवाई का भरोसा दिया, तब जाकर रास्ता खुल सका। जानकारी के अनुसार, सुबह मिडवे होटल के पास चार गाय और दो बैल मृत अवस्था में मिले। अलग-अलग स्थानों पर पड़े शवों को गौसेवक वाहन में रखकर एनएच-52 पर ले आए और बेरिकेट लगाकर धरना शुरू कर दिया। इस दौरान जमकर नारेबाजी हुई और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग उठी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पूछा कि आखिर गोवंश की मौत कैसे हुई और इसके लिए जिम्मेदार कौन है। अधिकारियों ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर सच्चाई सामने लाने और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम हटाया गया। पशु चिकित्सा विभाग के उपसंचालक प्रवीण दीक्षित ने बताया कि मिडवे होटल के आसपास मिले दो बैल और चार गायों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। जांच में मृत गोवंश के पेट से बड़ी मात्रा में पॉलिथीन निकली है। प्रथम दृष्टया यही मौत का मुख्य कारण प्रतीत हो रहा है। अन्य किसी बीमारी के संकेत नहीं मिले हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राजगढ़ के टीचिंग ग्राउंड में बड़ी मात्रा में फैली गंदगी और पॉलिथीन चिंता का विषय है। आसपास घूमने वाली गायें वहां इकट्ठा होकर पॉलिथीन खा रही हैं, जो उनके लिए घातक साबित हो रही है। पेट में पॉलिथीन भर जाने से उन्हें पोषण नहीं मिल पाता, शरीर पहले से कमजोर होता है और ठंड के मौसम में तापमान गिरने से स्थिति और गंभीर हो जाती है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले भी टीचिंग ग्राउंड में गायों को पॉलिथीन खाते हुए देखा गया था, जिसके बाद नगर पालिका ने पॉलिथीन प्रतिबंध को लेकर अभियान चलाया और कई दुकानों से पॉलिथीन जब्त की थी। फिलहाल इस घटना ने शहर में आवारा पशुओं की स्थिति, साफ-सफाई और पॉलिथीन पर प्रभावी रोक को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन की जांच रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी। -निखिल/राजगढ़/17/2/2026