मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड की एक्शन-ड्रामा फिल्म छावा ने रिलीज के एक साल पूरे कर लिए है। अभिनेता विकी कौशल ने अपनी इस ऐतिहासिक फिल्म की सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें साझा करते हुए अपने प्रशंसकों का दिल से आभार जताया। शेयर की गई तस्वीरों में वह अपने किरदार छत्रपति संभाजी महाराज के लुक में दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ तस्वीरें फिल्म के प्रमोशन दौर की हैं, जिनमें उनके साथ सह-कलाकार रश्मिका मंदाना भी नजर आ रही हैं। विक्की ने पोस्ट में लिखा, “फिल्म ‘छावा’ के 1 साल पूरे। मैं सिर झुकाकर महान मराठा विरासत के प्रति और आप सभी का धन्यवाद करता हूं कि आपने इस फिल्म को इतना प्यार दिया। आप सभी का प्यार सच में बहुत खास रहा। जय भवानी। जय शिवराय।” उनके इस पोस्ट पर इंडस्ट्री से जुड़े दोस्तों और कई कलाकारों ने प्रेमभरी प्रतिक्रियाएं दीं और कमेंट सेक्शन में हार्ट व फायर इमोजी की बौछार कर दी। अभिनेत्री निमरत कौर अहलूवालिया ने भी इमोजी के साथ प्रतिक्रिया दी। साल 2025 में रिलीज हुई ‘छावा’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था। फिल्म में विक्की कौशल ने छत्रपति संभाजी महाराज की भूमिका निभाई थी, जबकि रश्मिका मंदाना ने उनकी पत्नी येसुबाई का किरदार निभाया था। यह फिल्म मराठी साहित्यकार शिवाजी सावंत के उपन्यास ‘छावा’ का सिनेमैटिक एडॉप्टेशन है, जिसमें महान मराठा योद्धा संभाजी महाराज के संघर्ष, मुगलों के खिलाफ लड़ी गई वीरता भरी लड़ाइयों और उनके सर्वोच्च बलिदान को चित्रित किया गया है। फिल्म का निर्देशन लक्षमन उटेकर ने किया था, जबकि इसका निर्माण माडोक फिल्म्स और निर्माता दिनेश वीजान ने किया था। फिल्म में विक्की और रश्मिका के अलावा अक्षय खन्ना, दिव्या दत्ता, आशुतोष राना और डायना पेंटी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आए थे। ‘छावा’ को जहां दर्शकों ने भरपूर प्यार दिया, वहीं इसके रिलीज के दौरान फिल्म विवादों में भी घिर गई थी। सुदामा/ईएमएस 18 फरवरी 2026