मनोरंजन
15-Apr-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। दक्षिण भारतीय की अभिनेत्री मीना के चेन्नई स्थित आलीशान घर को लेकर इन दिनों खूब चर्चा हो रही है। अभिनेत्री का यह भव्य घर कथित तौर पर 100 करोड़ रुपये में बिक गया है। बताया जा रहा है कि लगभग 20 साल पहले पारंपरिक केरल शैली में महज 10 करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए इस घर को अमेरिका के एक एनआरआई कपल ने खरीदा है। हालांकि, अभिनेत्री मीना ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, और उनके सोशल मीडिया पेजों पर भी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, मीना अपने पति सागर (जिनका निधन हो चुका है) और बेटी नैनिका के साथ इस खूबसूरत घर में रहती थीं। यह घर अपनी अद्वितीय केरल शैली की वास्तुकला, खूबसूरत लकड़ी के खंभों, एक बड़े आंगन, महल जैसे डिजाइन और पारंपरिक तंजावुर की कलाकृतियों के लिए जाना जाता था। मीना की मां राज मल्लिका, जो मूल रूप से कन्नूर की हैं, ने इस घर के डिजाइन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसकी हर दीवार और कोने में उनकी व्यक्तिगत पसंद और सांस्कृतिक विरासत की झलक मिलती थी। एक्स और कुछ तमिल मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घर 100 करोड़ रुपए की भारी कीमत पर उस एनआरआई कपल को बेचा गया है, जो इस प्रॉपर्टी से काफी प्रभावित हुए थे। यह सौदा, यदि पुष्टि होती है, तो चेन्नई के रियल एस्टेट बाजार में एक मील का पत्थर साबित होगा। हालाँकि, मीना या उनके परिवार की ओर से इन खबरों की पुष्टि या खंडन न होने से अभी भी रहस्य बना हुआ है। मीना पहले भी झूठी अफवाहों से अपने परिवार को होने वाली परेशानी के बारे में खुलकर बात कर चुकी हैं। बीते दिनों एक इंटरव्यू में उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था, लोग मेरी कथित दूसरी शादी के बारे में चर्चा करते रहते हैं, और यह बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया था कि उनकी एक बेटी है, और ऐसी अफवाहें उसे प्रभावित करती हैं। उन्होंने कहा था, मैं अब इन सबको नजरअंदाज कर रही हूं, लेकिन मैं नहीं कह सकती कि मेरी सहनशीलता कब खत्म हो जाएगी। सुदामा/ईएमएस 15 अप्रैल 2026