मनोरंजन
18-Feb-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। मशहूर अभिनेत्री श्रुति हासन ने इंस्टाग्राम पर एक बेहद दिलचस्प और नॉस्टेल्जिक वीडियो साझा किया। इस वीडियो में उनके बचपन से लेकर आज तक की कई अनदेखी तस्वीरें शामिल हैं। अभिेनेत्री ने वीडियो के साथ लिखा, “किसी लड़की के बचपन की तस्वीरों से उसके स्वभाव और व्यक्तित्व की झलक साफ दिखाई देती है।” आगे मजाकिया अंदाज़ में जोड़ते हुए श्रुति ने लिखा, “मैं तो हमेशा से ही बहुत मूडी रही हूं, हाहा।” श्रुति के इस पोस्ट पर फैंस की जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कई लोग कमेंट सेक्शन में उनकी क्यूटनेस और उनकी बेबाकी की तारीफ करते दिखाई दिए। कुछ यूजर्स ने लिखा कि वे बचपन से ही स्टार जैसी दिखती हैं, तो वहीं कुछ ने उनकी तस्वीरों को एडोरेबल कहा। श्रुति हासन सिर्फ एक अभिनेत्री ही नहीं, बल्कि एक कुशल गायिका और संगीतकार भी हैं। तमिल, तेलुगु और हिंदी फिल्मों में उनकी मजबूत पकड़ किसी से छिपी नहीं है। बहुत कम लोग जानते हैं कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अभिनेत्री के रूप में नहीं, बल्कि गायिका और संगीतकार के रूप में की थी। मात्र छह साल की उम्र में उन्होंने अपने पिता की फिल्म थेवर मागन में पहला गाना गाया था। इसके बाद उन्होंने हिंदी फिल्म चाची 420 में भी अपनी आवाज दी। साल 2000 में अपने पिता कमल हासन द्वारा निर्देशित फिल्म हे राम में वे बाल कलाकार के रूप में नज़र आईं और उसी फिल्म के हिंदी व तमिल वर्ज़न के लिए टाइटल ट्रैक ‘रामा रामा’ भी गाया। अब श्रुति अपने अगले प्रोजेक्ट्स की तैयारी में जुटी हुई हैं। वह जल्द ही निर्देशक पवन सादिनेनी की फिल्म आकासमलो ओका तारा में दिखाई देंगी। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेता दुलकर सलमान और सत्विका वीरवल्ली भी अहम भूमिकाओं में दिखेंगे। यह फिल्म गीता आर्ट्स और स्वप्ना सिनेमा के बैनर तले बन रही है, जिसे संदीप गुन्नम और रम्या गुन्नम प्रोड्यूस कर रहे हैं। श्रुति के जन्मदिन पर फिल्म का फर्स्ट पोस्टर जारी किया गया था, जिसे फैंस ने खूब पसंद किया। सुदामा/ईएमएस 18 फरवरी 2026