क्षेत्रीय
18-Feb-2026


बालाघाट (ईएमएस). जनगणना-2027 के लिए बालाघाट जिले में तैयारियां प्रारंभ कर दी गई है। इसी कड़ी में 19 व 20 फरवरी को कलेक्ट्रेट कार्यालय में चार्ज अधिकारियों को प्रथम चरण का प्रशिक्षण दिया जायेगा। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना के सभी पहलूओं के बारे में विस्तार से बताया जायेगा। जिले में 12 तहसीलें, 6 नगरीय क्षेत्र और 1397 ग्राम शामिल हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की जनगणना के लिए संबंधित तहसीलदारों को और नगरीय क्षेत्रों के लिए संबंधित मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को चार्ज अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रत्येक ग्राम और प्रत्येक नगरीय वार्ड में कम से कम एक प्रगणक की नियुक्ति की जाएगी। जनगणना का कार्य 1 मई से 30 मई तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर प्रत्येक व्यक्ति की जानकारी दर्ज करेंगे। प्रगणकों के कार्य पर निगरानी रखने के लिए पर्यवेक्षक भी नियुक्त किये जा रहे हैं। जनगणना-2027 दो चरणों में आयोजित की जाएगी। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य 1 से 30 मई तक किया जायेगा। द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना फरवरी 2027 में की जायेगी, जिसकी संदर्भ तिथि 1 मार्च 2027 को रात्रि बजे निर्धारित की गई है। जनगणना 2027 में एचएलओ एप, पीई एप, सेल्फ इन्यूमेरेशन पोर्टल, सीएमएमएस पोर्टल और एचएलबीसी वेब मैप एप्लीकेशन का उपयोग किया जाएगा। आंकड़ों का संग्रहण प्रगणक और पर्यवेक्षक द्वारा मोबाइल के माध्यम से किया जाएगा। भानेश साकुरे / 18 फरवरी 2026