केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह २१ फरवरी को करेंगे सम्मानित छिंदवाड़ा (ईएमएस)। जिले के लिए यह गौरव की बात है कि छिंदवाड़ा की माटी के लाल आशुतोष वरदेय को गृह मंत्री अमित शाह द्वारा २१ फरवरी को गुवाहाटी में वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा ।आशुतोष वरदेय वर्तमान में केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में उप कमांडेंट के पद पर सुकमा (छत्तीसगढ़) में पदस्थ हैं । २०२४ में भारत की महामहिम राष्ट्रपति द्वारा उन्हें वीरता पदक से सम्मानित किये जाने की घोषणा की गई थी दरअसल आशुतोष वरदेय ने यह गौरव जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियानों के दौरान अद्वितीय साहस, कुशल रणनीति एवं नेतृत्व क्षमता का परिचय देते हुए अर्जित किया था। 30 अगस्त 2022 को शोपियाँ में हुए एक साहसिक अभियान के दौरान उन्होंने अपने प्राणों की परवाह किए बिना तीन दुर्दांत आतंकियों को मार गिराया, जिसके लिए उन्हें वीरता पदक से सम्मानित करने की घोषणा की गई। गुवाहाटी में होगा कार्यक्रम इतिहास में पहली बार सीआरपीएफ का रेज़िंग डे परेड पूर्वोत्तर भारत में आयोजित किया जा रहा है। 87वाँ सीआरपीएफ डे परेड 21 फरवरी को गुवाहाटी में आयोजित होगा। इस भव्य परेड में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। परेड का आयोजन सरुसजाई स्टेडियम में किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया गया है कि यह कार्यक्रम सीआरपीएफ की 87 वर्षों की गौरवशाली सेवा का उत्सव है, जिसमें वीरता, अनुशासन एवं भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का भव्य प्रदर्शन किया जाएगा।सीआरपीएफ डे परेड के अवसर पर आशुतोष वरदेय परेड एडजूडेंट की महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे। इसी भव्य परेड के दौरान उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा। ईएमएस/मोहने/ 18 फरवरी 2026