क्षेत्रीय
18-Feb-2026


बालाघाट (ईएमएस). रमजान माह की आमद का एलान बुधवार शाम को चांद की तस्दीक के साथ किया गया। लोगों ने एक-दूसरे को रमजान की मुबारकबाद पेश की। जिले भर के मुस्लिमों ने रमजान में तराविह की विशेष नमाज अदा की। गुरुवार को सूर्योदय के पूर्व अलसुबहा मुस्लिम बंधुओं द्वारा सहरी कर, रमजान का पहला रोजा रखा जाएगा। वहीं शाम को रोजा इफ्तार कर पहला रोजा मुकम्मल किया जाएगा। इसी तरह लगातार 30 दिनों तक रोजे मुकम्मल कर एक माह बाद ईद का पर्व मनाया जाएगा। बुधवार शाम को चांद के दीदार के साथ ही माहे रमजान की शुरुवात हो गई। माहे रमजान की आमद का ऐलान होते ही सभी तरफ मुबारकबाद देने का सिलसिला शुरू हो गया। माहे रमजान की आमद से पूर्व ही मुस्लिम बंधुओं ने माहे रमजान की तैयारी पूरी कर ली थी। इधर, जिला मुख्यालय सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न मस्जिदों, मदरसों व अन्य इबादतगाहों में सामूहिक सहरी व रोजा इफ्तार पार्टी का आयोजन किया जाएगा। जहां इन तमाम जगहों में रोजा इफ्तार पार्टी का रोजेदार लुत्फ उठाते हुए नजर आएंगे। अंजुमन इस्लामिया कमेटी सदर हाजी फारूख शेख ने बताया कि बदली होने के चलते चांद की तस्दीक नहीं हो सकी। लेकिन जिन इलाकों में चांद नजर आया है वहां से सनद मंगाई गई है, जिसके आधार पर माहे रमजान का ऐलान किया गया है। आज से जिले की तमाम मस्जिदों, मदरसों में महीने भर तरावीह की नमाज अदा की जाएगी। कमेटी की जानिब से रोजाना रोजा इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया है। इसके अलावा मस्जिद की साफ सफाई रंगरोगन सहित तमाम तैयारियां पूर्ण कर दी गई है। ठीक एक माह बाद 30 रोज मुकम्मल कर ईद का पर्व मनाया जाएगा। भानेश साकुरे / १८ फरवरी २०२६