भोपाल(ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दूरदर्शी नेतृत्व, स्पष्ट विकास दृष्टि और जनहित के प्रति अटूट प्रतिबद्धता में वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026-27 का यह बजट मध्यप्रदेश को नई ऊंचाइयों की ओर ले जाने वाला ऐतिहासिक बजट है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गरीब, युवा, अन्नदाता, नारी शक्ति, उद्योग और आधारभूत संरचना सभी क्षेत्रों के संतुलित व समग्र विकास का सशक्त खाका प्रस्तुत किया है। यह बजट मुख्यमंत्री डॉ. यादव के सुशासन, संवेदनशीलता और विकास के प्रति समर्पण का जीवंत प्रमाण है। बजट में विकास के लिए 4,38,317 करोड़ रूपये का पर्याप्त प्रावधान किया गया है, जो “समृद्ध मध्यप्रदेश, संपन्न मध्यप्रदेश, सुखद मध्यप्रदेश और सांस्कृतिक मध्यप्रदेश” के लक्ष्य को प्राप्त करने का सशक्त माध्यम बनेगा। किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सिंचाई परियोजनाओं के निर्माण एवं संचालन के लिये 14,742 करोड़ रूपये का प्रावधान किया जाना किसानों की समृद्धि और कृषि उत्पादन में वृद्धि की दिशा में ऐतिहासिक निर्णय है। यह राशि प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, जल प्रबंधन के सुदृढ़ीकरण और कृषि क्षेत्र की मजबूती में अत्यंत सहायक सिद्ध होगी। मंत्री सिलावट ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा का अभिनंदन करते हुए प्रदेश के समस्त किसान भाइयों एवं प्रदेशवासियों को इस जनकल्याणकारी बजट के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी। उन्होंने कहा कियह बजट निश्चित ही विकास, सुशासन और समृद्धि की नई इबारत लिखेगा। हरि प्रसाद पाल / 18 फरवरी, 2026