अमरावद नर्सरी फायरिंग मामला: संदिग्ध मौत ने लिया नया मोड़, परिजनों ने सीबीआई जांच की मांग रायसेन । सागर रोड़ सामाजिक वानिकी की अमरावद नर्सरी में देशी कट्टे से फायरिंग की घटना ने बुधवार को नया मोड़ ले लिया। मृतक पूरन सिंह लोधी की पत्नी बैजंती बाई लोधी और परिजनों ने थाना कोतवाली में आवेदन देकर इस मामले को सोची-समझी साजिश के तहत की गई संदिग्ध हत्या आवेदन में आरोप लगाया गया है कि डिप्टी रेंजर राकेश शर्मा ने मंगलवार 17 फरवरी को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे पूरन सिंह लोधी को अमरावद नर्सरी बुलाया था। मृतक की बेटी भूरी बाई लोधी, निवासी बनखेड़ी, ने बताया कि परिवार को पहले से जानकारी थी कि उनके पिता को नर्सरी बुलाया गया है। उनका आरोप है कि डिप्टी रेंजर और वनकर्मियों की मिलीभगत से पूरन सिंह को गोली मारी गई और बाद में इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। हत्या के दौरान नर्सरी के सोलर पैनल और सीसीटीवी कैमरे बंद क्यों कर दिए गए थे। परिजनों का कहना है कि घटना संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और कई तथ्य सामने नहीं आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो परिवार न्याय से वंचित रह जाएगा। इस कारण उन्होंने सीबीआई जांच की मांग की है। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में गोली लगने की पुष्टि.... शव की शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। एएसपी कमलेश खरपुसे के अनुसार, रिपोर्ट में मृतक को गोली लगने की पुष्टि हुई है। साथ ही रस्सी से बनाए गए फंदे के जरिए खुदकुशी किए जाने के संकेत भी मिले हैं। हालांकि पुलिस ने कहा है कि अंतिम निष्कर्ष विस्तृत जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। इलाके में चर्चा, परिजन डटे... घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। परिजन मामले को हत्या बताते हुए कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं, जबकि पुलिस आत्महत्या और अन्य कोणों से भी जांच कर रही है।बहरहाल अब देखना होगा कि जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और क्या परिजनों की सीबीआई जांच की मांग पर कोई निर्णय लिया जाता है। फिलहाल मामला संवेदनशील बना हुआ है। किशोर वर्मा ems रायसेन 18/02/2026