छेड़छाड़ और आईटी एक्ट से जुड़े मामले में चल रहा था फरार छिंदवाड़ा (ईएमएस)। भाजपा से निष्कासित भ्रष्ट और महिला संबंधी अपराधों में लिप्त कोयलांचल के डोंगर परासिया के नगर पालिका अध्यक्ष विनोद मालवी को न्यायालय ने जेल भेज दिया है। नपा अध्यक्ष के खिलाफ क्षेत्र की दो महिलाओं द्वारा दर्ज कराई गई आईटी एक्ट तथा एससी, एसटी एक्ट की शिकायत के बाद मंगलवार की रात चांदामेटा पुलिस ने गिरफ्तार किया था। दूसरे दिन बुधवार को पुलिस ने नपा अध्यक्ष को विशेष न्यायालय एट्रोसिटी सुदीप मिश्रा के न्यायालय में पेश किया जहां न्यायालय ने फौरन जेल वारंट काटने के आदेश दिए। इसके बाद पुलिस विनोद मालवी को जिला जेल लेकर पहुंची और उन्हें जेल में दाखिल कराया। चांदामेटा से न्यायालय और जेल दाखिल करने तक पुलिस काफी सर्तक नजर आई। गौरतलब है कि परासिया और चांदामेटा की दो महिलाओं ने उन पर गंभीर आरोप लगाते हुए परासिया और चांदामेटा थाने में शिकायत कराई थी। शिकायत के बाद उन पर परासिया में आईटीएक्ट के तहत प्रकरण भी दर्ज किया गया है। वहीं दूसरा मामला चांदामेटा थाने में दर्ज किया गया है जिसमें महिला की शिकायत पर एससीएसटी एक्ट और छेड़छाड़ की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इधर भारतीय जनता पार्टी ने ३० जनवरी को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से विनोद मालवीय को 6 वर्ष के लिए निष्कासित किया था। पार्टी से निष्कासन के बाद महिला संबंधी मामलों को लेकर शिकायतें और आरोप लगाने वाले खुलकर सामने आने लगे हंै। ध्यान रहे कि नपाध्यक्ष विनोद मालवीय के खिलाफ महिलाओं से अशोभनीय बातचीत और ठेकेदार से कमीशन मांगने से जुड़ा कथित ऑडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया था। इसके बाद दो महिलाओं ने उन पर छेड़छाड़ और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कराया था। इधर चांदामेटा थाना प्रभारी खेलचंद पटले ने बताया कि आरोपी को मंगलवार रात गिरफ्तार किया गया था और बुधवार को ं न्यायालय पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। काम नहीं आई आत्मदाह की धमकी अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए नपा अध्यक्ष ने अपने फेसबुक एकाउंट पर वीडियो जारी कर दो दिन पहले आत्मदाह करने की चेतावनी दी थी, लेकिन उनकी यह तरकीब काम नहीं आई और पुलिस ने उनके मनसूबों पर पानी फेरते हुए मंगलवार की रात गिरफ्तार कर लिया। मालवीय महिलाओं से छेड़छाड़ और आईटी एक्ट से जुड़े मामलों में फरार चल रहे थे। ईएमएस/मोहने/ 18 फरवरी 2026