क्षेत्रीय
18-Feb-2026


छिंदवाड़ा (ईएमएस)। अपनी दबंगई दिखाकर होटल कर्मचारी से मारपीट करने वाले सौंसर के शराब ठेकेदार विनोद सूर्यवंशी की दबंगई उस समय धरी रह गई जब बुधवार को पुलिस ने उसके खिलाफ होटल कर्मचारी से मारपीट करने पर प्रकरण दर्ज कर लिया। इस प्रकरण के दर्ज होने पर शराब ठेकेदार की दबंगई अब धरती पर आ गई है। यह प्रकरण उस समय दर्ज हुआ जब मंगलवार को इस ठेकेदार ने अपनी गुंडागर्दी का खुलासा करते हुए एक होटल में घुसकर अपने गुर्गों के साथ आदिवासी कर्मचारी के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में साफ नजर आ रहा था कि कैसे ठेकेदार और उसके गुर्गे एक बीमार कर्मचारी के साथ बेरहमी से मारपीट कर रहे थे। इसके बाद नगर में उसकी दबंगई को लेकर लोगों में चर्चा का दौर चल पड़ा। विनोद सूर्यवंशी ने क्षेत्र में न केवल अवैध शराब का कारोबार चलाया है, बल्कि उसकी धौंस का यह आलम है कि वह शहर भर में गली-कूचों में शराब बेचने का काम करवा रहा था। नगर में आबकारी विभाग और पुलिस के अधिकारियों द्वारा इस अवैध कारोबार पर कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने से उसका हौंसला और भी बढ़ चुका है। हालांकि, अब विनोद की यह दबंगई धरी रह गई है। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत के बाद उसे सबक सिखाने की ठान ली है और आरोपित शराब ठेकेदार के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौच जैसी धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी रूपलाल उइके ने बताया कि इस मामले में पुलिस अब आगे की कार्रवाई करेगी। दिन भर सेटिंग में लगा रहा रिंकू, मिली मायूसी बताया जा रहा है कि शराब के इस कारोबार में विनोद का पार्टनर रिंकू जो उसके साथ इस धंधे में शामिल है और उसके हर कामों में कदम से कदम मिलाकर चल रहा है। वह घटना के बाद से ही सेटिंग में लगा रहा कि विनोद पर प्रकरण दर्ज न हो लेकिन पुलिस द्वारा विनोद पर प्रकरण दर्ज किए जाने के बाद उसे मायूसी का सामना करना पड़ा। इस पूरे घटनाक्रम ने यह साबित कर दिया कि दबंगई का समय अब समाप्त हो चुका है, और कोई भी कानून से ऊपर नहीं है। अवैध काम के लिए देता है रसूखदारों की धौंस शराब कारोबारी विनोद सूर्यवंशी की दबंगई अब प्रशासन की नजरों में आ गई है। अपने अवैध धंधे को बेखौफ और बदस्तूर चलाने के लिए यह ठेकेदार न केवल नगर के छोटे व्यापारियों को धमकियां देता है, बल्कि रसूखदारों की धौंस का भी सहारा लेता है। विनोद सूर्यवंशी का तरीका सीधा है—जो कोई भी उसका रास्ता रोकने की कोशिश करता है, उसे वह अपनी ताकत और प्रभाव के जरिए डरा-धमका देता है। अधिकारी भी अब इस बात को मान रहे हैं कि शराब ठेकेदार की हिम्मत सिर्फ उसकी अवैध कमाई से नहीं, बल्कि रसूखदारों के सहारे से भी बढ़ी है। लेकिन अब उस पर कड़ा शिकंजा कसने की योजना बनाई जा रही है। ईएमएस/मोहने/ 18 फरवरी 2026