अलग-अलग घटनाओं में चार की मौत छिंदवाड़ा (ईएमएस)। बीते २४ घंटे के दौरान चार अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। सभी मामलों में पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। पहला मामला तामिया थाना क्षेत्र के लहगडुआ का है। यहां एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ३० फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए परासिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में तामिया थाना प्रभारी आशीष जैतवार ने बताया कि परासिया के मैग्जीन लाइन निवासी सोनी परिवार बुधवार अल सुबह करीब ४ बजे अपनी कार से महादेव मेला जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान सामने से आ रहे वाहन की तेज लाइट के चलते कार चालक के आंखो के सामने अंधेरा छा गया और अनियंत्रित हुई कार सीधे खाई में जा गिरी। इस हादसे में ७२ वर्षीय शांताबाई पति स्व. बाबूराव सोनी की मौत हो गई। जबकि लता सोनी, जितेंद्र सोनी और मृतिका की नातन घायल हो गए। सभी घायलों को परासिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो ने फांसी लगाकर दी जान दूसरा मामला कुंडीपुरा थाना क्षेत्र के घाट परासिया का है। यहां रहने वाले संदीप पिता मूरत सरेयााम (२५) ने अपने ही घर पर फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने बताया कि उक्त युवक ने किन पस्थितियों में फांसी लगाई इसका खुलासा नहीं हो सका है। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। युवक की संदिग्ध मौत तीसरा मामला अमरवाड़ा थाना की सिंगोड़ी चौकी क्षेत्र का है। यहां रहने वाले दिलीप पिता देवेंद्र बंदेवार (३२) की कुर्सी में बैठे-बैठे ही संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि दिलीप को बेहोशी अवस्था में परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कुंए में मिलया युवक का शव चौथा मामला कुंडीपुरा थाना क्षेत्र के मेधासिवनी का है। यहां रहने वाले एक युवक का शव क्षेत्र के कुंए में उतराता मिला है। पुलिस ने बताया कि खंसवाड़ा निवासी प्रकाश पिता रामाधार सरेयााम (२५) पिछले दो दिन से अपने घर से लापता था। परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। बुधवार को उसका शव मेघासिवनी के एक किसान के खेत के कुंए में उतराता मिला है। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। ईएमएस/मोहने/ 18 फरवरी 2026