क्षेत्रीय
18-Feb-2026


बजट पर जनप्रतिनिधियो, व्यवसासियों ने दी प्रतिक्रिया छिंदवाड़ा (ईएमएस)। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने अपना इस साल का वित्तीय बजट पेश किया। प्रदेश सरकार ने इस साल किसी भी तरह का टैक्स नहीं बढ़ाया है। किसान, महिलाओं, स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं में खासा बजट सरकार ने रखा है। बजट को लेकर मिश्रित प्रतिक्रियाएं मिली है। भाजपा ने कल्याणकारी बजट तो कांग्रेस ने घोषणा पत्र जैसा बजट बताया जिसमें कल्याण की बातें ही कहीं गई है। आम लोगों में मिश्रित प्रतिक्रियाएं देखने को मिली है। पुलिस और शिक्षक भर्ती को छोडक़र सरकारी नौकरियों के लिए विभिन्न विभागों में नियुक्तियों का कोई मौका नहीं दिख रहा। घरेलू जरूरी चीजों की महंगाई कम न होने केा लेकर जन सामान्य नाराज दिखा। प्रदेश के विकास को गति देने वाला बजट: बंटी साहू प्रदेश का यह बजट जहां प्रदेश के भविष्य की दिशा तय करेगा वहीं प्रदेश के विकास को गति प्रदान करेगा। यह बजट केवल एक साल का बजट नहीं बल्कि अगामी दो वर्षो के विकास की रूपरेखा प्रस्तुत करने वाला प्रदेश का पहला रोलिंग बजट है। तीसरी बार बिना किसी नए कर या कर वृध्दि के बिना बजट पेश किया गया है। यह बजट किसानों के कल्याण, युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार के साथ ही लोगों को आत्मनिर्भर बनाने वाला बजट है।नए संदीपनी स्कूल खुलने से शिक्षा बेहतर होगी। मेडिकल कॉलेजों में कैंसर और हार्ट के सुपर स्पेशियलिटी विभाग बनने से मरीजों को बड़ी राहत मिल सकेगी। किसान-श्रमिक-महिलाओं का बजट: यादव जिला भाजपा अध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार का यह बजट किसान-श्रमिक और महिलाओं का बजट है। लाडली बहनाओं के लिए विशेष बजट रखा गयाहै। उनके कल्याण के लिए भी विशेष ध्यान रखा गया है। किसानों के लिए बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं। 1 लाख सोलर पम्प देने के लिए 3 हजार करोड़ और ऋण उपलब्ध कराने के लिए 25 हजार करोड़ रखे गए हैं। श्रमिकों के कल्याण पर सरकार ने जोर दिया है। आम जनता को टैक्स से राहत दी गई है। कोई भी कर नहीं बढ़ाया गया। यह बजट प्रदेश के विकास को नई राह देने वाला बजट है। बजट नहीं भाजपा का घोषणा पत्र:ओकटे जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने कहा कि मप्र की भाजपा सरकार के द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए जारी किया गया बजट नहीं बल्कि भाजपा का घोषणा पत्र है। जिसमें जनता को हकीकत से दूर रखते हुए भविष्य के सपने दिखाए गए हैं। बजट में किसान, युवा व मध्यम वर्ग की अनदेखी की गई है। किसानों की उपज को समर्थन मूल्य पर खरीदने, युवाओं के रोजगार हेतु को रोड मैप नहीं है। महंगाई को कम करने और बेरोजगारी दूर करने का बजट में उल्लेख नहीं है। सरकार का बजट जनकल्याणकारी: कमलेश शाह अमरवाड़ा विधायक कमलेश शाह ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हमारी सरकार ने प्रदेश के हर वर्ग को ध्यान में रख कर बजट बनाया है। बजट में प्रदेश के किसान भाइयों के लिए जनकल्याण के साथ युवा बेरोजगारों के लिए सरकारी नौकरी ग्रामीण क्षेत्र के विकास एवं सडक़ों के निर्माण के लिए पर्याप्त धन राशि का प्रावधान स्वागत योग्य है। भारिया जन जाति बाहुल्य क्षेत्र में प्रधानमंत्री जन मन योजना के तहत आवास निर्माण के लिए 900 करोड़ एवं मुख्यमंत्री मजरा टोला योजनांतर्गत मजरा टोलों को मुख्य सडक़ों से जोडऩे हेतु 21630 करोड़ की राशि आवंटित की गई है। यह स्वागत योग्य है। गरीब, किसान महिला सभी पर ध्यान: प्रतीक शुक्ला छिंदवाड़ा अनाज व्यापारी संघ के अध्यक्ष प्रतीक शुक्ला ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अभी तक सबसे बड़ा बजट पेश किया है यह उपलब्धि है। फसल बीमा के लिए 1300 करोड़ किसानों को आर्थिक सुरक्षा मुहैया कराएगा। किसानों को विशेष सुविधाएं देने की बात बजट में हैं। महिलाओं की आर्थिक स्थिति को और सुधारने के लिए सरकार प्रयास करती दिख रही है। इन्फ्रास्ट्रक्चर निवेश, टैक्स प्रोत्साहन देगा नई गति: नितेश सूद सूद इंफ्रा के डायरेक्टर नितेश सूद ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश का बजट रियल एस्टेट सेक्टर के लिए निर्णायक साबित हो सकता है। विशेष रूप से टियर-2 और टियर-3 शहरों में इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश, टैक्स प्रोत्साहन और सस्टेनेबल डेवलपमेंट नीतियाँ बाजार को नई गति देंगी। सरकार किराया आधारित निवेश, कमर्शियल डेवलपमेंट और स्टार्टअप-फ्रेंडली नीतियों पर फोकस से मध्यप्रदेश निवेश के लिए और अधिक आकर्षक बन सकता है। कोई टैक्स नहीं बढ़ाया है सरकार ने यह अच्छा निर्णय है। ईएमएस/मोहने/ 18 फरवरी 2026