लॉस एजेलिस (ईएमएस)। अमेरिकी रैपर और सॉन्गराइटर कान्ये वेस्ट के पहले भारत दौरे को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। अमेरिकी रैपर कान्ये वेस्ट 29 मार्च को राजधानी दिल्ली में अपना पहला लाइव कॉन्सर्ट करने जा रहे हैं। उनके कार्यक्रम के आयोजन को लेकर जवाहर लाल नेहरु स्टेडियम को वेन्यू चुना गया है। आयोजन टीम के मुताबिक यह इवेंट तकनीक, विजुअल इफेक्ट्स और साउंड डिज़ाइन के लिहाज से भारत के अब तक के सबसे भव्य कॉन्सर्ट्स में से एक होगा। कान्ये वेस्ट का म्यूजिक करियर हमेशा से प्रयोगों और बदलावों से भरा रहा है। अटलांटा में जन्मे और शिकागो में पले-बढ़े कान्ये ने कॉलेज की पढ़ाई छोड़कर पूरी तरह संगीत को करियर बनाया। उन्होंने शुरुआती दिनों में बतौर प्रोड्यूसर काम शुरू किया और मशहूर रैपर जाय-झेड के लेबल रॉक-ए-फेला रिकॉर्ड्स से जुड़े। इसी दौरान उनकी विशिष्ट चिपमंक सोल प्रोडक्शन स्टाइल ने उन्हें पहचान दिलाई। रिकॉर्डिंग आर्टिस्ट के रूप में कान्ये वेस्ट का पहला एल्बम द कॉलेज ड्रॉपआउट जबरदस्त हिट साबित हुआ और आलोचकों ने भी इसकी खूब तारीफ की। इसके बाद आए उनके दूसरे एल्बम लेट रजिस्ट्रेशन ने उन्हें दुनिया भर में और बड़ी सफलता दिलाई। अपने करियर में उन्होंने स्लो जैम्ज, गोल्ड डिगर, स्ट्रॉन्गर और ई.टी. जैसे कई सुपरहिट गाने दिए। वह तीन अलग-अलग दशकों में बिलबोर्ड हॉट 100 चार्ट में नंबर-1 पर पहुंचने वाले पहले रैपर भी हैं। दुनिया के सबसे ज्यादा रिकॉर्ड बेचने वाले आर्टिस्ट्स में शुमार कान्ये वेस्ट अब तक करीब 160 मिलियन रिकॉर्ड बेच चुके हैं। वह 24 ग्रैमी अवॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं, जिससे वह सबसे अधिक सम्मान पाने वाले कलाकारों में 13वें स्थान पर आते हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके प्रभाव को देखते हुए टाइम मैगजीन ने उन्हें दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची में शामिल किया है। वहीं रोलिंग स्टोन ने उनके छह एल्बमों को 500 ग्रेटेस्ट एल्बम्स ऑफ ऑल टाइम और उन्हें ‘100 ग्रेटेस्ट सॉन्गराइटर्स ऑफ ऑल टाइम’ की सूची में स्थान दिया है। सुदामा/ईएमएस 19 फरवरी 2026