नई दिल्ली (ईएमएस)। जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय टीम में जगह के लिए दावेदारी पेश की है। आकिब ने बंगाल के खिलाफ सेमीफाइनल में पहली पारी में पांच जबकि दूसरी पारी में 4 विकेट लिए। उन्होंने इस घरेलू सत्र में अब तक 9 मैचों में रिकार्ड 55 विकेट लिए हैं। ये पूरे देश के लाल-गेंद क्रिकेट में सबसे अधिक विकेट हैं। ये लगातार दूसरा रणजी सत्र है जब आकिब ने 40 से ज्यादा विकेट लेकर अपनी गेंदबाजी को साबित किया है। यहां तक कि बंगाल के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी भी उनसे पिछड़ गये। जिस प्रकार से उन्होंने प्रदर्शन किया है। उससे अब चयन समिति पर तंज कसा जाने लगा है कि शमी की वापसी नहीं करना चाहते तो नबी को ही नये गेंदबाज के तौर पर टीम में अवसर दे दें। शमी की घरेलू क्रिकेट में अच्छे प्रदर्शन के बाद भी राष्ट्रीय टीम में वापसी नहीं होती देखते हुए प्रशंसकों ने ये बात कही है। रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में जहां शमी ने 8 विकेट लिए, वहीं नबी ने कुल 9 विकेट लेने के साथ ही नौवें नंबर पर 42 रन बनाकर साबित किया है कि वह जरुरत पड़ने पर रन भी बना सकते हैं। आकिब ने इस सत्र में अब तक कुल 55 विकेट लिए हैं। उनका गेंदबाजी औसत 12.72 रहा है। उन्होंने सत्र में छह बार पांच विकेट लिए हैं। आकिब नबी ने इस सीजन में जम्मू-कश्मीर के ही पूर्व भारतीय क्रिकेटर परवेज रसूल का एक सत्र में सबसे ज्यादा विकेट का रिकार्ड तोड़ा है। ; दलीप ट्रॉफी में उन्होंने 4 गेंदों में 4 विकेट लेकर लिए हैं। उनकी स्विंग को खेलना बल्लेबाजों के लिए कठिन रहा है। इसी कारण उन्हें आईपीएल नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने 8.40 करोड़ रुपये में खरीदा था। वहीं अब देखना है कि चयनकर्ता कब इस गेंदबाज को टीम इंडिया में जगह देते हैं। गिरजा/ईएमएस 19 फरवरी 2026