मलिंगा का रिकार्ड तोड़ने का अवसर नई दिल्ली (ईएमएस)। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिक नोर्त्जे टी20 विश्वकप के अपने अगले मैच में सबसे अधिक 38 विकेट का श्रीलंकाई दिग्गज लसित मलिंगा रिकार्ड तोड़ सकते हैं। नोर्त्जे अभी 37 विकेट के साथ ही टी20 विश्वकप में सबसे अधिक विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज हैं। ऐसे में उनके पास 22 फरवरी को भारतीय टीम के खिलाफ होने वाले सुपर-8 मैच में सबसे अधिक विकेट लेने का रिकार्ड बनाने का अवसर है। यूएई के खिलाफ मैच में दो विकेट हासिल करते ही वह टी20 विश्व कप इतिहास में सबसे अधिक विकेट लेने वाले तेज गेंदबाजों में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इस दौरान उन्होंने न्यूजीलैंड के दिग्गज टिम साउथी को पीछे छोड़ा। इस मुकाबले में नोर्त्जे ने जबरदस्त गेंदबाजी करते हुए दो विकेट लिए। इससे उनके कुल विकेट 37 हो गये हैं। इसके साथ ही वह टिम साउथी के 36 विकेट के रिकार्ड से आगे निकल गये हैं। नोर्त्जे आम तौर पर बड़े टूर्नामैंटों में काफी सफल रहे हैं। उनकी गेंदबाजी की गति, उछाल और डेथ ओवरों में नियंत्रण उन्हें एक घातक गेंदबाज बनाता है। वहीं अब उनके निशाने पर श्रीलंका के महान लसिथ मलिंगा का रिकॉर्ड है। मलिंगा के नाम 38 विकेट दर्ज हैं। नोर्त्जे के पास अगले मैच में यह रिकॉर्ड अपने नाम करने का अवसर है। मलिंगा अपनी सटीक यॉर्कर के लिए जाने जाते हैं और एक मैच विजेता गेंदबाज रहे हैं। टी20 विश्व कप में सबसे अधिक विकेट लेने वालों में उमर गुल के नाम 35 विकेट जबकि ट्रेंट बोल्ट के नाम 34 विकेट और मिशेल स्टार्क के नाम 32 विकेट हैं। गिरजा/ईएमएस 19 फरवरी 2026