जशपुर(ईएमएस)। जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में एक बेहद संवेदनशील और शर्मनाक मामला सामने आया है। प्रेमजाल में फंसाकर नाबालिग बालिका को मिलने बुलाने के बहाने उससे और उसकी 16 वर्षीय सहेली से सामूहिक दुष्कर्म करने वाले मुख्य आरोपी और उसके सहयोगी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पीड़िताएं नाबालिग हैं और आपस में सहेली हैं। पीड़ित 17 वर्षीय बालिका ने लिखित आवेदन में बताया कि दिसंबर 2025 में उसका मोबाइल के माध्यम से ओमप्रकाश उर्फ प्रकाश उर्फ राहुल पैंकरा से परिचय हुआ। आरोपी ने प्रेम जाल बिछाकर शादी का लालच दिया। 14 फरवरी (वैलेंटाइन डे) को आरोपी ने उसे लैलूंगा में मिलने बुलाया। बालिका अपनी सहेली (16 वर्षीय) के साथ पत्थलगांव होते हुए बस से लैलूंगा पहुंची। अटल चौक लैलूंगा पर आरोपी राहुल अपने दोस्त जयकिशन धोबा के साथ मोटरसाइकिल (क्र. CG 13 MU 3456) पर दोनों को लेने आया। उसके बाद चारों ग्राम सोनाजोरी पहुंचे। रात में आरोपी प्रकाश और जयकिशन ने दोनों लड़कियों को बाइक से सोनाजोरी जंगल ले जाकर मुख्य आरोपी ओमप्रकाश पैंकरा ने पहले कथित प्रेमिका के साथ दुष्कर्म किया, फिर सहेली के साथ भी दुष्कर्म किया। घटना किसी को बताने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई। दोनों पीड़िताओं ने अलग-अलग आवेदन देकर लैलूंगा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर दो अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध किए गए: अपराध क्रमांक 50/2026 – धारा 70 भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 4, 6 POCSO एक्ट,अपराध क्रमांक 51/2026 – धारा 70 भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 4, 6 POCSO एक्ट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ओमप्रकाश पैंकरा से पूछताछ की, जिसमें उसने दोनों के साथ दुष्कर्म करना स्वीकार किया। जयकिशन धोबा को घटना में सहयोगी पाया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल CG 13 MU 3456 जब्त की गई है। गिरफ्तार आरोपी: ओमप्रकाश पैंकरा उर्फ प्रकाश उर्फ राहुल पैंकरा (22 वर्ष), पिता सुवर्धन पैंकरा, निवासी ग्राम किलकिला, थाना लैलूंगा (मुख्य आरोपी) जयकिशन धोबा (20 वर्ष), पिता भगवती धोबा, निवासी ग्राम टुरटुरा, थाना लैलूंगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)19 फरवरी 2026