क्षेत्रीय
19-Feb-2026
...


जशपुर(ईएमएस)। जिले में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 4.35 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। खुद को कलेक्ट्रेट का बड़ा अधिकारी बताकर सुरक्षा गार्ड की नौकरी दिलाने का दावा करने वाले आरोपी प्रदीप पंडा को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार ग्राम इचकेला निवासी रोहित खाखा (23) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि आरोपी रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र के सोडापाठ चौक का रहने वाला है। उसने पीड़ित की मां से संपर्क कर खुद को कलेक्ट्रेट का अधिकारी बताया और कहा कि वहां सुरक्षा गार्ड की भर्ती चल रही है, जिसमें वह नौकरी लगवा सकता है। जनवरी 2026 में आरोपी की बातों में आकर पीड़ित की मां ने उसे 50 हजार रुपये दिए। इसके कुछ दिन बाद आरोपी फिर घर पहुंचा और जॉइनिंग लेटर दिलाने के नाम पर 1 लाख 50 हजार रुपये और मांगे। भरोसा दिलाया गया कि अगले दिन नियुक्ति पत्र मिल जाएगा। इस पर परिवार ने गांव की जमीन गिरवी रखकर डेढ़ लाख रुपये और दे दिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच कर आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। मामले की आगे जांच जारी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)19 फरवरी 2026