जांजगीर-चांपा(ईएमएस)। जिले से आत्महत्या की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां 12वीं की एक छात्रा ने कथित तौर पर अपने प्रेमी से वीडियो कॉल पर बात करते हुए घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी स्वयं युवक ने पुलिस को दी। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार लक्षनपुर गांव निवासी 18 वर्षीय छात्रा रजनी प्रधान के माता-पिता मजदूरी के लिए घर से बाहर गए थे। वह घर में अकेली थी। दोपहर में माता-पिता लौटे तो कमरे में बेटी का शव पंखे से लटका मिला। यह देख परिवार में कोहराम मच गया और पड़ोसियों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा ने दोपहर लगभग 2 से 3 बजे के बीच वीडियो कॉल पर बात करते हुए आत्महत्या की। पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि अंतिम समय में उसने किन लोगों से बातचीत की थी और किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया। ग्रामीणों के अनुसार छात्रा पढ़ाई में ठीक थी, मिलनसार स्वभाव की थी और किसी बड़े तनाव में भी नजर नहीं आती थी। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पारिवारिक स्थिति, व्यक्तिगत संबंध, पढ़ाई से जुड़े दबाव और अन्य संभावित कारणों समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)19 फरवरी 2026