- फरवरी में मौसम बदला, विभाग ने ओले गिरने की संभावना जताई राजगढ़(ईएमएस) जिले में फरवरी माह में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। बुधवार रात जिले के कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। अचानक हुए इस बदलाव से लोगों को फिर से ठंड का एहसास होने लगा है।जानकारी अनुसार खिलचीपुर में रात करीब 10 बजे लगभग 15 मिनट तक बारिश हुई। इससे पहले शाम करीब 8 बजे से ही बूंदाबांदी शुरू हो गई थी। बारिश भले ही कम समय के लिए हुई, लेकिन इसके बाद चली तेज और ठंडी हवाओं ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। पिछले कुछ दिनों से जिले में दिन के समय हल्की गर्मी महसूस की जा रही थी और दोपहर में तेज धूप निकल रही थी। बुधवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे। शाम होते-होते मौसम में और बदलाव आया और रात में गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। - ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश की सूचना ग्रामीण इलाकों से देर रात कहीं-कहीं तेज बारिश की सूचना भी मिली है। हालांकि अभी तक किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन किसानों में फसलों को लेकर चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग ने राजगढ़ जिले के लिए गरज-चमक के साथ मध्यम आंधी चलने और छोटे आकार के ओले गिरने की संभावना जताई है। विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका भी व्यक्त की है। मौसम विभाग ने लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और खेतों में काम करने से बचने की सलाह दी है। अचानक बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने को कहा गया है। फरवरी में अचानक बदले इस मौसम से किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में खड़ी फसलों पर आंधी या ओलावृष्टि का असर पड़ सकता है। वहीं ठंडी हवाओं के कारण लोगों को एक बार फिर सर्दी का अनुभव होने लगा है। मौसम विभाग ने आगामी घंटों में भी मौसम के अस्थिर बने रहने की संभावना जताई है। ऐसे में जिले में अगले कुछ समय तक बादल, हल्की बारिश या आंधी की स्थिति बन सकती है।-निखिल/राजगढ़/19/2/2026