- प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई जशपुर(ईएमएस)। जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत थाना तुमला क्षेत्र के ग्राम झारमुंडा में एक नाबालिग बालिका का विवाह समय रहते रोक दिया गया। गोपनीय सूचना मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आईसीपीएस तथा महिला एवं बाल विकास विभाग सहित प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। मौके पर विवाह की तैयारियां अंतिम चरण में थीं। जांच के दौरान दस्तावेजों की पुष्टि से बालिका की आयु लगभग 16 वर्ष पाई गई, जो कानूनी रूप से विवाह योग्य नहीं है। इसके बाद अधिकारियों ने तत्काल विवाह रुकवा दिया। अधिकारियों ने परिजनों को बाल विवाह के सामाजिक और कानूनी दुष्परिणाम समझाए। समझाइश के बाद परिवार ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए फिलहाल विवाह न कराने की लिखित सहमति दी। मौके पर पंचनामा तैयार कर ग्रामीणों के हस्ताक्षर लिए गए और भविष्य में बाल विवाह न करने की शपथ भी दिलाई गई। टीम ने ग्रामीणों से अपील की कि यदि कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिले तो तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या प्रशासन को जानकारी दें, ताकि समय रहते ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। सत्यप्रकाश(ईएमएस)19 फरवरी 2026