- 27 हजार बचत खाते खोले और 1.5 करोड़ रुपए का प्रीमियम मिला ब्यावरा(ईएमएस)गत दिवस सीहोर में आयोजित डाकघर योजनाओं के महामेला के पुरस्कार वितरण समारोह में ब्यावरा उप संभाग ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस वित्तीय वर्ष में बचत खाते खोलने और डाक जीवन बीमा प्रीमियम अर्जित करने में ब्यावरा उप संभाग ने पूरे मध्य प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। समारोह में ब्यावरा के डाककर्मियों को कुल 28 पुरस्कार प्रदान किए गए। उप संभाग ने इस पूरे वित्तीय वर्ष में 27,000 बचत खाते खोले और 1.5 करोड़ रुपए का डाक जीवन बीमा प्रीमियम अर्जित किया। महामेला में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश परिमंडल भोपाल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल विनीत माथुर और विशेष अतिथि के रूप में इंदौर क्षेत्र की पोस्टमास्टर जनरल प्रीति अग्रवाल उपस्थित रहीं। परिमंडल कार्यालय भोपाल से सहायक निदेशक (एसबी) एस.के. पांडे भी इस अवसर पर मौजूद रहे। विनीत माथुर और प्रीति अग्रवाल ने डाकघर की जनहितैषी योजनाओं की जानकारी दी और उत्कृष्ट कार्य करने वाले डाक कर्मियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीहोर संभाग के अधीक्षक डाकघर एम.एल. मालवीय ने की। ब्यावरा के उप संभागीय निरीक्षक अजय शाक्यवार भी इस मौके पर उपस्थित रहे। भारतीय डाक विभाग भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यरत है। ये सेवाएं देश भर में फैले 1.57 लाख डाकघरों के विशाल नेटवर्क के माध्यम से प्रदान की जाती हैं। डाक विभागृ अल्प बचत और अन्य योजनाओं जैसे बचत बैंक, आवर्ती खाता, पीपीएफ, सुकन्या समृद्धि के साथ-साथ डाक जीवन बीमा, ग्रामीण डाक जीवन बीमा और दुर्घटना बीमा जैसी सेवाएं उपलब्ध कराता है। -निखिल/ब्यावरा/19/2/2026