क्षेत्रीय
19-Feb-2026
...


- 26 फरवरी से आंदोलन की घोषणा धमतरी(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं को शासकीय कर्मचारी घोषित करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्टर को आवेदन सौंपा है। संघ ने 26 फरवरी से दो चरणों में आंदोलन करने की घोषणा की है। संघ की जिलाध्यक्ष रेवती वत्सल और पदाधिकारी अन्नपूर्णा मेश्राम ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में कार्यकर्ता-सहायिकाओं को शासकीय कर्मचारी का दर्जा, न्यूनतम वेतन दर, हर साल मानदेय में 1000 रुपये वृद्धि, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, बीमा, सेवानिवृत्ति लाभ, मृत्यु पर एकमुश्त सहायता और ग्रेच्युटी शामिल हैं। संघ का कहना है कि जैसे शिक्षाकर्मी और पंचायत कर्मियों को नीति बनाकर नियमित किया गया, वैसे ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए भी समान व्यवस्था लागू होनी चाहिए। साथ ही मध्यप्रदेश की तरह सुविधाएं छत्तीसगढ़ में लागू करने की मांग भी रखी गई है। पहले चरण में 26-27 फरवरी को गांधी मैदान धमतरी में आंदोलन होगा। 27 फरवरी को शाम 4 बजे रैली निकालकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। दूसरे चरण में 9 मार्च को प्रदेश स्तर पर धरना-प्रदर्शन, रैली और घेराव की योजना है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)19 फरवरी 2026