- जबलपुर में नहीं रुक रही चाकूबाजी जबलपुर (ईएमएस)। जिले भर में इस समय चाकूबाजी की घटनाओं में लगातार बढोतरी हो रही है। पुलिस के तमाम दावे चाकूबाजों की हरकतों के सामने बौने साबित हो रहे हैं। चाकू चलाने की वारदातों के क्रम में बुधवार देर रात अपने कचनार सिटी स्थित घर लौट रहे एक युवक को रासते में रोककर उसपर 3 बदमाशों ने चाकू से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। बताया जाता है कि आरोपी बीच सड़क पर बैठकर शराब पी रहे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। विजय नगर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में विजय नगर टीआई राजेन्द्र मर्सकोले ने जानकारी देते हुए बताया कि राजाराम पटैल उर्फ पिंटू पटैल बीती रात करीब 11.30 बजे गोलबाजार से कचनार सिटी अपने निवास पर वापस लौट रहे थे। जब वह एम आर फोर रोड के आगे पहुंचे तभी बीच रास्ते शराब पी रहे युवकों ने उन्हें रोक लिया। पिंटू ने रोकने का कारण पूछा तो युवकों ने गाली गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू निकाल कर वार किए, जिससे युवक को सिर, हाथ और पीठ पर गंभीर चोट आ गर्इं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शिकायत पर हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। बताया गया कि चाकूबाजी में घायल पिंटू पटैल भाजपा के जिला ग्रामीण अध्यक्ष राज कुमार पटैल के भाई हैं। .../ 19 फरवरी /2026