जबलपुर, (ईएमएस)। चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो गये हैं कि अब पुलिस वालों के घर भी महफूज नहीं है। बरेला थानांतर्गत सिग्मा कान्हा कालोनी बरेला में रहने वाले एक पुलिस आरक्षक के सूने घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर नगदी समेत लाखों का जेवर चोरी कर ले गया। बरेला पुलिस ने बताया कि सिगमा कान्हा कालोनी बरेला निवासी मनोज झारिया ग्वारीघाट थाना में आरक्षक के पद पर नौकरी करता है। गत ८ फरवरी की सुबह लगभग ११ बजे मनोज घर में ताला लगाकर बच्चे व पत्नी के साथ शादी समारोह में शामिल होने मंडला गया था। दूसरे दिन सुबह १० बजे पड़ौसी विवेक चौबे ने उसे फोन कर बताया कि घर का ताला टूटा है। मनोज ने विवेक से बोला कि दरवाजा खोल कर देखों तब विवेक ने दरवाजा खोलकर बताया कि घर का सामान बिखरा पड़ा है। अलमारी का ताला टूटा है। मनोज ने घर आकर चेक किया तो पता चला कि अलमारी में रखे जेवर व २५ हजार नगदी गायब थे। चोरी गये सामान का मशरूका लाखों में बताया गया है। सुनील साहू / शहबाज/ 19 फरवरी 2026