राज्य
19-Feb-2026
...


- ठेले पर स्कूटी-सिलेंडर रखकर डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के बंगले का घेराव करने जा रही थीं भोपाल (ईएमएस)। मोहन सरकार के बजट में महिलाओं को महंगाई से कोई राहत नहीं मिलने के विरोध में आज महिला कांग्रेस ने भोपाल में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने डिप्टी सीएम और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के बंगले का घेराव करने की कोशिश की। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर हालात तनावपूर्ण हो गए। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर महिला कार्यकर्ता संगठन की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी सेतिया के नेतृत्व में जमा हुईं। इसके बाद ठेले पर स्कूटी और सिलेंडर रखकर मंत्री जगदीश देवड़ा के बंगले का घेराव करने नारेबाजी करते हुए निकलीं। इस बीच पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रेडक्रॉस हॉस्पिटल के पास रोक लिया। प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा का पुतला जलाने की कोशिश की। पुलिस ने पुतला जलाने से रोका, जिसके बाद महिला कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प की स्थिति बन गई। महिलाओं का कहना था कि बजट में न तो रसोई गैस सस्ती हुई और न ही पेट्रोल-डीजल या घरेलू खर्चों पर कोई राहत दी गई। ज्ञापन सौंपकर लौटीं महिला कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने बीच सडक़ पर अपना ज्ञापन पुलिसकर्मियों को सौंपा और अपने कार्यालय की ओर लौट गईं। मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रीना बोरासी ने खुद सिलेंडर खींचकर बैरिकेडिंग के पार ले जाने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें रोका और बैरिकेडिंग के इस तरफ रहने का अनुरोध किया। इलाके में पानी के लिए जूझ रहे लोग भोपाल के पंचशील नगर से प्रदर्शन में शामिल होने पहुंची महिलाओं ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। एक महिला ने कहा कि उनके इलाके में गंदा पानी आ रहा है, जिससे उसके तीनों बच्चे बीमार पड़ गए हैं। वहीं छत्तीसगढ़ से आई दूसरी महिला, जो कांग्रेस के प्रदर्शन में शामिल हुई, ने बताया कि वह लोगों के घरों में बर्तन साफ कर गुजारा करती है। छत्तीसगढ़ में काम नहीं मिलने पर वह भोपाल आई, लेकिन यहां भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।