ज़रा हटके
20-Feb-2026
...


- अपने भाई से भी ज्यादा अप्रत्याशित और निर्दयी प्योंगयॉग (ईएमएस)। उत्तर कोरिया के विवादित शासक किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग अपने भाई से भी ज्यादा अप्रत्याशित और निर्दयी हो सकती हैं। कई अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टों में उन्हें ‘ब्लडथर्स्टी डेमन’ और ‘डेविल वुमन’ जैसे उपनाम दिए गए हैं। किम यो जोंग, पूर्व नेता किम जोंग-इल की सबसे छोटी संतान हैं और लंबे समय से शासन की राजनीतिक मशीनरी में सक्रिय हैं। 2010 के दशक में उन्होंने प्रोपेगेंडा और एजिटेशन डिपार्टमेंट में अपनी भूमिका के जरिए सत्ता के केंद्र में जगह बनाई। 2018 के दक्षिण कोरिया में हुए विंटर ओलंपिक में वे उत्तर कोरिया के ‘चार्म ऑफेंसिव’ की चेहरा बनीं, जहां उनकी शांत छवि ने दुनिया का ध्यान खींचा, लेकिन पर्दे के पीछे वे बेहद कठोर और क्रूर निर्णय लेने के लिए जानी जाती हैं। अमेरिकी विशेषज्ञ सुंग-यून ली की किताब “दी सिस्टर: नार्थ कोरियाज किम यो जोंग, दी मोस्ट डेंजरस वुमैन इन दी वर्ल्ड” में दावा किया गया है कि किम यो जोंग ने कई अधिकारियों को मामूली वजहों से मौत की सजा दिलवाई, सिर्फ इसलिए कि वे उन्हें चिढ़ा रहे थे या उनकी नीतियों से असहमति रखते थे। कई रिपोर्टों में यह भी कहा गया कि उन्होंने 2021 में कई उच्च अधिकारियों को ‘इरिटेट’ करने के आरोप में फांसी दिलवाई। उत्तर कोरिया के अंदर अधिकारी उन्हें ‘डेविल वुमन’ के नाम से बुलाते हैं और उनसे डरते हैं। प्रोपेगेंडा की मास्टर मानी जाने वाली किम यो जोंग अपने बयानों और धमकियों के लिए भी कुख्यात हैं। उन्होंने दक्षिण कोरिया के राष्ट्राध्यक्ष को ‘मुंह बंद रखने’ की चेतावनी दी थी और अमेरिका को ‘इंपीरियलिस्ट डॉग’ कहकर अपमानित किया था। 2022 के बाद से वह लगातार न्यूक्लियर थ्रेट्स जारी कर रही हैं और प्री-एम्प्टिव स्ट्राइक की धमकी भी दे चुकी हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि वह मुस्कुराते हुए बात करती हैं, लेकिन परमाणु बटन के बेहद करीब खड़ी रहती हैं। हालांकि किम जोंग उन ने अपनी 13 वर्षीय बेटी किमजू -ये को भविष्य का उत्तराधिकारी बताने के संकेत दिए हैं, लेकिन पार्टी और सेना में किम यो जोंग का प्रभाव बेहद मजबूत बताया जाता है। दक्षिण कोरिया की इंटेलिजेंस के पूर्व अधिकारी रह जोंग यिल ने दावा किया है कि मौका मिलते ही किम यो जोंग सत्ता पर कब्जा कर सकती हैं और इस कोशिश में वे किसी से भी टकराने से नहीं हिचकिचाएंगी। सत्ता बनाए रखने के लिए हत्या उत्तर कोरिया में आम बात है और किम यो जोंग इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही हैं। रिपोर्टों के अनुसार, वे राज्य मामलों के आयोग से फैसले लेती हैं और तय करती हैं कि कौन जिएगा और कौन मरेगा। किम यो-जोंग को दुनिया की सबसे खतरनाक और क्रूर महिलाओं में गिना जाता है। मासूम चेहरा, सधी हुई मुस्कान और आकर्षक व्यक्तित्व के पीछे छिपी उनकी सख्त नीतियां उन्हें और भी रहस्यमयी बनाती हैं। सुदामा/ईएमएस 20 फरवरी 2026