20-Feb-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय बाजार में लग्जरी कार किआ कार्निवाल अब नए अवतार में आने वाली है। कंपनी ने 2024 के अंत में इसका चौथी पीढ़ी वाला मॉडल पेश किया था, जिसके बाद इसके लुक, इंटीरियर और फीचर्स पहले से अधिक प्रीमियम हो गए। फिलहाल कार्निवाल भारत में सीकेडी रूट से आती है, लेकिन अब रिपोर्ट्स के मुताबिक किआ इसका पेट्रोल हाइब्रिड वर्जन लॉन्च करने की तैयारी कर रही है, जो साल के अंत तक बाजार में दस्तक दे सकता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहले से उपलब्ध पेट्रोल हाइब्रिड मॉडल को ही भारत में पेश किए जाने की संभावना है। खास बात यह है कि इसकी कीमत मौजूदा डीजल वर्जन से कम रखी जा सकती है, जिससे यह अधिक ग्राहकों के लिए आकर्षक बनेगी। इसमें 1.6 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ हाइब्रिड सिस्टम मिलेगा, जो मिलकर लगभग 242 एचपी की पावर और 367 एनएम का टॉर्क देने में सक्षम होगा। साथ ही 54 केडब्ल्यू की इलेक्ट्रिक मोटर और 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का संयोजन बेहतर परफॉर्मेंस सुनिश्चित करेगा। अंतरराष्ट्रीय आंकड़ों के अनुसार इसका माइलेज करीब 14.5 केएमपीएल तक रह सकता है। फीचर्स के मामले में भी कार्निवाल हाइब्रिड बेहद प्रीमियम होगी। इसमें 19-इंच ग्लॉस ब्लैक अलॉय व्हील्स, एलईडी हेडलैंप-टेललैंप, डुअल सनरूफ और डार्क एडिशन स्टाइलिंग जैसे फीचर्स मिल सकते हैं। केबिन में पावर्ड स्लाइडिंग डोर्स, स्मार्ट पावर टेलगेट, बड़ा टचस्क्रीन डिस्प्ले और हीटेड स्टीयरिंग व्हील जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। सुरक्षा के लिए अडास फीचर्स की लंबी लिस्ट इसे अपने सेगमेंट की सबसे फीचर-लोडेड एमपीवी बना सकती है।